Page Loader
BWF विश्व चैंपियनशिप 2023: पीवी सिंधु का सफर हुआ समाप्त, ओकुहारा से मिली शिकस्त 
ओकुहारा के खिलाफ सीधे गेम में हार गई सिंधु (तस्वीर:X/@Pvsindhu1)

BWF विश्व चैंपियनशिप 2023: पीवी सिंधु का सफर हुआ समाप्त, ओकुहारा से मिली शिकस्त 

Aug 22, 2023
11:44 pm

क्या है खबर?

भारतीय स्टार शटलर पीवी सिंधु का BWF विश्व चैंपियनशिप में सफर समाप्त हो गया। मंगलवार को जापान की नोजमी ओकुहारा के खिलाफ शिकस्त के साथ ही वह टूर्नामेंट से बाहर हो गई। 16वीं वरीयता प्राप्त सिंधु को दूसरे दौर के अपने मुकाबले में 14-21, 14-21 से हार का सामना करना पड़ा। 2 बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु के लिए यह साल निराशाजनक बीत रहा है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड 

ओकुहारा ने सिंधु के खिलाफ दर्ज की नौवीं जीत 

इस मुकाबले से पहले दोनों ने कुल 17 बार एक-दूसरे का सामना किया था और सिंधु ने ओकुहारा के खिलाफ 9 जीत दर्ज की थी। विशेष रूप से सिंधु ने जापानी शटलर को हराकर 2019 में विश्व चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक जीता था। इससे पहले 2017 में हुए विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में ओकुहारा ने सिंधु को हराया था। आज मिली जीत के साथ ही ओकुहारा ने सिंधु के खिलाफ आमने-सामने हुई भिड़ंत में रिकॉर्ड बराबर कर दिया है।

2023 

2023 में खराब रहा है सिंधु का प्रदर्शन 

सिंधु के लिए 2023 अब तक बेहद खराब बीता है। वह इस साल चोटों के साथ-साथ खराब फॉर्म से परेशान रही हैं। वह इस साल 7 अलग-अलग स्पर्धाओं में शुरुआती दौर में ही हार गई है। इस वर्ष उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मलेशियाई मास्टर्स और कैनेडियन ओपन में आया था। इन दोनों टूर्नामेंट में सिंधु ने सेमीफाइनल तक सफर तय किया था। इस साल उन्होंने 20 मैच जीते हैं और 19 में हार झेली है।

लक्ष्य 

लक्ष्य सेन ने जीता अपना मैच 

पुरुषों के एकल वर्ग में 11वीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य सेन ने मंगलवार को कोरिया के जियोन ह्योकोन जिन को हराकर विश्व चैंपियनशिप 2023 के अंतिम-16 के लिए क्वालीफाई किया। भारतीय शटलर ने केवल 36 मिनट में सीधे गेम (21-11, 21-12) से जीत हासिल की। राष्ट्रमंडल खेल 2022 में स्वर्ण पदक जीतने वाले सेन की नजरें चैंपियनशिप में अपने कुल दूसरे पदक पर होगी। बता दें कि वह इस प्रतियोगिता में 2021 में कांस्य पदक जीत चुके हैं।

प्रणय 

लक्ष्य के बाद तीसरे दौर में पहुंचे प्रणय 

एचएस प्रणय ने विश्व चैंपियनशिप में इंडोनेशिया के चिको ऑरा ड्वी वार्डोयो को सीधे गेम में हराकर अंतिम-16 में प्रवेश किया। दुनिया के नौवें नंबर के खिलाड़ी ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 21-9, 21-14 से जीत दर्ज की। प्रणय इस साल अपने पहले विश्व चैंपियनशिप पदक पर नजर गड़ाए हुए हैं। वह पुरुष एकल वर्ग में लक्ष्य के साथ तीसरे दौर में पहुंचने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय शटलर बने हैं।