LOADING...
#MIvRR: डिकॉक की पारी पर भारी पड़े बटलर, RR ने MI को 4 विकेट से हराया

#MIvRR: डिकॉक की पारी पर भारी पड़े बटलर, RR ने MI को 4 विकेट से हराया

लेखन Neeraj Pandey
Apr 13, 2019
07:39 pm

क्या है खबर?

IPL 2019 के 27वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने क्विंटन डिकॉक (81) की बदौलत 187 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतनी राजस्थान को रहाणे (37) और बटलर ने शानदार शुरुआत दिलाई। बटलर ने 89 रनों की पारी खेलते हुए मैच को राजस्थान की झोली में डाल दिया। जानें, मैच में बने कुछ रिकॉर्ड के बारे में।

मुंबई

200 टी-20 मुकाबले खेलने वाली दुनिया की पहली टीम बनी मुंबई

मुंबई इंडियंस ने 200 टी-20 मुकाबले पूरे कर लिए हैं। मुंबई 200 टी-20 मुकाबले खेलने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। इंग्लैंड की समरसेट (199) और हैम्पशायर (194) टी-20 मुकाबले खेलने के मामले में दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 188 मुकाबले खेले हैं तो वहीं कोलकाता नाइटराइडर्स ने 187 मुकाबले खेले हैं।

जानकारी

मुंबई के लिए कप्तान के तौर पर रोहित ने पूरे किए 100 मुकाबले

रोहित शर्मा ने IPL में मुंबई के लिए कप्तान के तौर पर 100 मुकाबले पूरे कर लिए हैं। रोहित ने 95 IPL और 5 चैंपियन्स लीग टी-20 मुकाबलों में मुंबई की कप्तानी की है।

क्विंटन डिकॉक

डिकॉक ने खेली IPL की अपनी दूसरी सर्वश्रेष्ठ पारी

क्विंटन डिकॉक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए चार छक्कों और छह चौकों की बदौलत 52 गेंदों में 81 रनों की शानदार पारी खेली। यह IPL में डिकॉक का दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। IPL में डिकॉक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 108 रनों का है जो उन्होंने 2016 में दिल्ली के लिए खेलते हुए बैंगलोर के खिलाफ बनाया था। इसके साथ ही डिकॉक (238) इस सीजन मुंबई के लिए सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

जोस बटलर

बटलर ने खेली धुंआधार पारी

जोस बटलर ने एक बार फिर आक्रामक बल्लेबाजी का नजारा पेश करते हुए सात चौकों और सात छक्कों की बदौलत 43 गेंदों में 89 रनों की पारी खेली। पहले विकेट के लिए बटलर ने रहाणे (37) के साथ 60 रनों की साझेदारी की और यह राजस्थान की इस सीजन की दूसरी बेस्ट ओपनिंग साझेदारी है। IPL 2019 में स्कोर का पीछा करते हुए बटलर का यह तीसरा अर्धशतक है।

अल्जारी जोसेफ

अल्जारी जोसेफ ने फेंका सीजन का चौथा सबसे महंगा ओवर

अल्जारी जोसेफ के एक ओवर में बटलर ने चार चौके और दो छक्के जड़ते हुए 28 रन धो दिए। IPL 2019 का यह चौथा सबसे महंगा ओवर हो गया है। जोसेफ से पहले जयदेव उनादकट भी एक ओवर में 28 रन दे चुके हैं। डेब्यू मैच में 3.4 ओवर में 12 देकर छह विकेट लेने के बाद जोसेफ ने पांच ओवर में 75 रन लुटाए हैं और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला है।