LOADING...
BBL: जोश ब्राउन ने खेली 140 रन की धमाकेदार पारी, ये रिकॉर्ड्स किए अपने नाम
जोश ब्राउन ने धमाकेदार पारी खेली है (तस्वीर: एक्स/ @BBL)

BBL: जोश ब्राउन ने खेली 140 रन की धमाकेदार पारी, ये रिकॉर्ड्स किए अपने नाम

Jan 22, 2024
04:36 pm

क्या है खबर?

बिग बैश लीग (BBL) 2024 के नॉकआउट मुकाबले में ब्रिस्बेन हीट के सलामी बल्लेबाज जोश ब्राउन ने एडिलेड स्ट्राइकर्स के खिलाफ 140 रन की धमाकेदार पारी खेली है। ये BBL के इतिहास की तीसरी सबसे बड़ी पारी है। ब्राउन ने अपने टी-20 करियर का पहला शतक लगाया है। उन्होंने पहले गेंद से ही अक्रामक क्रिकेट खेली और सभी गेंदबाजों के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी

कैसी रही ब्राउन की पारी?

ब्राउन ने 57 गेंद का सामना करते हुए 140 रन बनाए। उनके बल्ले से 10 चौके और 12 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 245.61 की रही। उनके अलावा ब्रिस्बेन की पारी में कोई भी बल्लेबाजी बड़ी पारी नहीं खेल पाया। कप्तान नाथन मैकस्वीनी ने 29 गेंद का सामना करते हुए 33 रन बनाए। ब्राउन की धमाकेदार पारी के ही कारण ब्रिस्बेन की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 214 रन बनाने में सफल रही।

सर्वश्रेष्ठ

BBL का तीसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर 

BBL के इतिहास की सबसे बड़ी पारी ग्लेन मैक्सवेल ने खेली है। उन्होंने साल 2022 में मेलबर्न स्टार्स के लिए खेलते हुए होबार्ट हरिकेंस के खिलाफ 81 गेंद में 154* रन बनाए थे। उनके बल्ले से 22 चौके और 4 छक्के निकले थे। दूसरे स्थान पर मार्कस स्टोइनिस हैं। उन्होंने साल 2020 में सिडनी सिक्सर्स के खिलाफ 147* रन की पारी खेली थी। उन्होंने 13 चौके और 8 छक्के लगाए थे। ब्राउन 140 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

Advertisement

छक्के

एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के 

ब्राउन ने अपनी पारी में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह BBL के इतिहास में 1 पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने अपनी पारी में 12 छक्के लगाए थे। दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से 3 खिलाड़ी हैं। क्रिस गेल, क्रेग सिमंस और क्रिस लिन 11-11 छक्के इस लीग में लगा चुके हैं। लिन ने तो यह कारनामा ( साल 2017 और 2019) दो बार किया है।

Advertisement

करियर

कैसा रहा है ब्राउन का टी-20 करियर?

ब्राउन ने टी-20 क्रिकेट में 22 मैच खेले हैं और इसकी 22 पारियों में 20 से ज्यादा की औसत से 571 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 1 शतक और 1 अर्धशतक निकला है। ब्राउन की स्ट्राइक रेट 135 से ज्यादा की रही है। लिस्ट-A क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने सिर्फ 1 मैच खेला है और 38 रन बनाए हैं। ब्राउन अब तक प्रथम श्रेणी क्रिकेट में एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं।

Advertisement