ब्रैड इवांस ने बांग्लादेश के खिलाफ जड़ा दूसरा वनडे अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर ब्रैड इवांस ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (50) खेली। यह उनके वनडे करियर का दूसरा और बांग्लादेश टीम के खिलाफ भी दूसरा ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 43 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत ही जिम्बाब्वे की टीम शुरुआती झटकों से उबरकर 199/10 का स्कोर बनाने में सफल रही। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही इवांस की पारी और साझेदारी?
जिम्बाब्वे को पहले बल्लेबाजी करते हुए 108 रन के कुल स्कोर पर 6 अहम झटके लग गए थे। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए इवांस ने एक छोर संभाला और स्कोर को आगे बढ़ाया। उन्होंने वेस्ली मधेवेरे (75) के साथ 7वें विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद अर्नेस्ट मासुकु (2) के साथ 9वें विकेट के लिए 26 रन की साझेदारी निभाई। वह 43 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों से 50 रन बनाकर आउट हुए।
करियर
कैसा रहा है इवांस का वनडे करियर?
इवांस ने साल 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ ही अपने वनडे करियर का आगाज किया था। वह अब तक 20 वनडे मैच खेल चुके हैं, जिसकी 18 पारियों में 17.14 की औसत और 38.36 की स्ट्राइक रेट से 240 रन बनाने में सफल रहे हैं। इसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 58 रन का रहा है। इसी तरह उन्होंने 18 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 20 विकेट भी अपने नाम किए हैं।