IPL में सबसे ज्यादा सीजन में 25 या उससे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में मैचों में कई बड़े स्कोर बने हैं और इसी क्रम में गेंदबाज बेहद महंगे साबित हुए हैं। इसके बावजूद गुजरात टाइटंस (GT) के कगिसो रबाडा और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के भुवनेश्वर कुमार ने गेंदबाजी में कमाल का प्रदर्शन किया है। इन दोनों गेंदबाजों ने इस सीजन में 25+ विकेट लिए हैं। इस बीच IPL में सबसे ज्यादा सीजन में 25 या उससे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों के बारे में जानते हैं।
#1
कगिसो रबाडा (2026, 2020 और 2019)
रबाडा इस सीजन में अब तक 26 विकेट ले चुके हैं। उन्होंने नई गेंद से उम्दा प्रदर्शन किया है और कप्तान शुभमन गिल के भरोसे पर खरे उतरे हैं। उन्होंने IPL 2019 में 14.72 की औसत और 7.82 की इकॉनमी रेट के साथ 25 ही विकेट लिए थे। इसके अलावा IPL 2020 में इस दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज ने 18.26 की औसत और 8.34 की इकॉनमी रेट के साथ 30 सफलताएं हासिल की थी।
#2
भुवनेश्वर कुमार (2026 और 2017)
भुवनेश्वर ने 2026 में अपने 15 मैचों के बाद 18.15 की औसत और 8.00 की इकॉनमी रेट के साथ 26 विकेट ले लिए हैं। वह अभी फाइनल मैच में भी अपने विकेटों की संख्या में इजाफा करना चाहेंगे। इससे पहले 2017 में इस तेज गेंदबाज ने 14 मैचों में 14.19 की बेहतरीन औसत और 7.05 की उम्दा इकॉनमी रेट से 26 विकेट लिए थे। 2017 में भुवनेश्वर को पर्पल कैप मिली थी।
#3
ड्वेन ब्रावो (2013 और 2015)
पूर्व दिग्गज ड्वेन ब्रावो ने IPL 2013 में 18 मैचों में 15.53 की औसत से 32 विकेट चटकाए, जिसके लिए उन्हें पर्पल कैप मिली थी। वह पहले ऐसे गेंदबाज बने थे, जिन्होंने एक सीजन में 30 से अधिक विकेट चटकाए थे। इसके बाद IPL 2015 में उन्होंने 17 मैचों में 16.38 की औसत के साथ सर्वाधिक 26 विकेट लिए थे। वह 2 बार पर्पल कैप हासिल करने वाले इकलौते विदेशी गेंदबाज हैं।
जानकारी
इन गेंदबाजों ने एक सीजन में 25+ विकेट चटकाए
लसिथ मलिंगा, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल, जेम्स फॉकनर, ट्रेंट बोल्ट, वानिंदू हसरंगा, इमरान ताहिर, मोहम्मद शमी, मोर्ने मोर्कल, हर्षल पटेल, प्रसिद्ध कृष्णा, राशिद खान, और मोहित शर्मा एक-एक सीजन में 25 या उससे अधिक विकेट ले चुके हैं।