Page Loader
IPL इतिहास में इन गेंदबाजों ने बोल्ड करके लिए हैं 50 या उससे अधिक विकेट 
IPL में मलिंगा ने लिए हैं बोल्ड करके सर्वाधिक विकेट (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL इतिहास में इन गेंदबाजों ने बोल्ड करके लिए हैं 50 या उससे अधिक विकेट 

Apr 15, 2025
06:42 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में गेंदबाजों के लिए कठिन चुनौती होती है। छोटे मैदान, सपाट पिचें और आक्रामक बल्लेबाज उनके धैर्य की परीक्षा लेते हैं। इसके साथ-साथ पावरप्ले जैसे नियमों के चलते भी ये खेल बल्लेबाजों के पक्ष में ज्यादा नजर आता है। इन चुनौतियों के बावजूद गेंदबाजों ने इस लीग में कई प्रमुख रिकॉर्ड्स बनाए हैं। इस बीच IPL इतिहास में 50 या अधिक बोल्ड करने वाले गेंदबाजों के बारे में जानते हैं।

#1 

लसिथ मलिंगा (63 बोल्ड)

लसिथ मलिंगा का IPL करियर बेहद शानदार रहा था। उन्होंने 122 मैचों में 19.79 की औसत और 7.14 की इकॉनमी रेट के साथ 170 विकेट लिए थे। इस बीच उन्होंने 63 विकेट बोल्ड करके लिए थे। उन्होंने IPL 2011 में 'पर्पल कैप' पर कब्जा जमाया था। उस सीजन में श्रीलंकाई दिग्गज ने 16 मैचों में 13.39 की औसत से 28 विकेट लिए थे। वह MI के लिए खिलाड़ी के तौर पर 11 सीजन में खेले थे।

#2 

सुनील नरेन (51 बोल्ड)

IPL के इतिहास में सुनील नरेन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले विदेशी गेंदबाज हैं। उन्होंने अपने बेमिसाल करियर में अब तक 51 विकेट बोल्ड करके हासिल किए हैं। इस कैरेबियाई स्पिनर ने 182 मैचों में 25.46 की औसत और 6.75 की इकॉनमी रेट के साथ 185 विकेट लिए हैं। इस बीच उन्होंने 1 पारी में 5 विकेट हॉल भी लिया है। वह मौजूदा सीजन में भी KKR से खेल रहे हैं।

#3 

पीयूष चावला (50 बोल्ड)

पीयूष चावला भारत की इस प्रतिष्ठित लीग में सबसे सफल गेंदबाजों में शुमार रहे हैं। इस लेग स्पिनर ने IPL में 50 विकेट बोल्ड करके हासिल किए थे। वह आखिरी बार IPL 2024 में खेले थे और उन्हें IPL 2025 में कोई खरीदार नहीं मिला था। अपने IPL करियर में उन्होंने 192 मैचों में 26.60 की औसत से 192 विकेट झटके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/17 का रहा है।

#4 

ये गेंदबाज भी हैं 50 बोल्ड करने के करीब 

IPL में रविंद्र जडेजा ने 40 बल्लेबाजों को बोल्ड किया है। वह अब तक IPL करियर में 30.50 की औसत के साथ 164 विकेट ले चुके हैं। वह मौजूदा सीजन में भी CSK का ही प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। अपनी स्विंग गेंदबाजी के लिए मशहूर भुवनेश्वर कुमार ने इस लीग में 39 विकेट बोल्ड करके हासिल किए। उन्होंने अब तक के IPL करियर में 187 विकेट लिए हैं। वह मौजूदा सीजन में RCB से खेल रहे हैं।