
IPL के इतिहास में एक मैदान पर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) जैसे शानदार टूर्नामेंट में बल्लेबाजों का दबदबा हमेशा देखने को मिलता है। हालांकि, कुछ गेंदबाज ऐसे भी हैं, जिन्होंने खास मैदानों पर अपनी गेंदबाजी से कहर बरपाया है।
हर मैदान की पिच, मौसम और परिस्थितियां अलग-अलग होती हैं और कुछ गेंदबाज इनका भरपूर फायदा उठाकर उस मैदान को अपने लिए खास बना लेते हैं।
ऐसे में आइए जानते हैं कि IPL के इतिहास में किस गेंदबाज ने किसी एक मैदान पर सबसे ज्यादा विकेट चटकाए हैं।
#1
सुनील नरेन (72 विकेट, ईडन गार्डन्स)
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के दिग्गज स्पिन गेंदबाज सुनील नरेन इस सूची में पहले स्थान पर हैं।
उन्होंने कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में 63 मैचों की 62 पारियों में 21.22 की औसत और 6.48 की इकॉनमी रेट से 72 विकेट अपने नाम किए हैं।
इस दौरान उन्होंने 3 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किया है। उनका इस मैदान पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/19 का रहा है।
#2
लसिथ मलिंगा (68 विकेट, वानखेड़े स्टेडियम)
मुंबई इंडियंस (MI) के पूर्व स्टार तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं।
उन्होंने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 43 मैच खेले थे। इसकी 43 पारियों में उन्होंने 17.33 की बेहतरीन औसत और 7 की इकॉनमी रेट के साथ 68 विकेट अपने नाम किए थे।
इस दौरान उन्होंने 3 बार 4 विकेट हॉल लिया था। उनका इस मैदान पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/16 का रहा था। अभी मलिंगा MI के गेंदबाजी कोच भी हैं।
#3
अमित मिश्रा (58 विकेट, अरुण जेटली स्टेडियम)
IPL के अनुभवी और दिग्गज लेग स्पिनर रहे अमित मिश्रा इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।
उन्होंने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 45 मैचों की 45 पारियों में 19.39 की उम्दा औसत और 7.21 की इकॉनमी रेट से 58 विकेट अपने नाम किए थे।
इस दौरान उन्होंने 1 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किया था। उनका इस मैदान पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/17 का रहा था।
#4
जसप्रीत बुमराह (49 विकेट, वानखेड़े स्टेडियम)
MI के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह इस सूची में चौथे स्थान पर हैं।
उन्होंने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 45 मैचों की 45 पारियों में 23.58 की औसत और 7.33 की इकॉनमी रेट से 49 विकेट अपने नाम किए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 बार 5 विकेट हॉल लिया है।
उनका इस मैदान पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/21 का रहा है। इस खिलाड़ी ने वानखेड़े की सपाट पिच पर भी अपनी गति और सटीकता से बल्लेबाजों को परेशान किया है।