LOADING...
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में इन पूर्ण सदस्य देशों के गेंदबाजों ने किया है 2 हैट्रिक का कारनामा
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज रोमारियो शेफर्ड ने स्कॉटलैंड के खिलाफ हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया है

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में इन पूर्ण सदस्य देशों के गेंदबाजों ने किया है 2 हैट्रिक का कारनामा

Feb 08, 2026
12:31 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज रोमारियो शेफर्ड ने स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2 हैट्रिक लेने वाले वेस्टइंडीज के पहले खिलाड़ी हैं। कोलकाता के ईडन गार्डन स्टेडियम में खेले गए मैच में उनकी गेंदबाजी की बदौलत कैरेबियन टीम ने 35 रनों से जीत दर्ज की। आइए इस प्रारूप में 2 हैट्रिक लेने वाले पूर्ण सदस्य देशों के गेंदबाजों पर नजर डालते हैं।

#1

लसिथ मलिंगा - बनाम बांग्लादेश और न्यूजीलैंड

श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा ने 2017 में कोलंबो में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में हैट्रिक ली थी। उन्होंने पारी के 19वें ओवर में मुशफिकुर रहीम, मशरफे मुर्तजा और मेहदी हसन मिराज को लगातार गेंदों पर आउट किया था। इसके बाद मलिंगा ने 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ इतिहास रचते हुए लगातार 4 गेंदों पर कॉलिन मुनरो, हैमिश रदरफोर्ड, कॉलिन डी ग्रैंडहोम और रॉस टेलर को आउट कर इतिहास रच दिया था।

#2

टिम साउथी - बनाम पाकिस्तान और भारत

न्यूजीलैंड के टिम साउथी ने दिसंबर 2010 में ऑकलैंड में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ पहली टी-20 अंतरराष्ट्रीय हैट्रिक ली थी। उन्होंने यूनिस खान, मोहम्मद हाफीज और उमर अकमल को आउट कर यह उपलब्धि हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने साल 2022 में माउंट माउंगानुई में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरी हैट्रिक ली थी। उन्होंने अंतिम ओवर में हार्दिक पांड्या, दीपक हुडा और वाशिंगटन सुंदर को लगातार गेंदों पर आउट करके यह कारनामा किया था।

Advertisement

#3

पैट कमिंस - बनाम बांग्लादेश और अफगानिस्तान

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने टी-20 विश्व कप 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ हैट्रिक लेकर इतिहास रचा था। उन्होंने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर राशिद खान और 20वें ओवर की पहली दो गेंदों पर करीम जनत और गुलबदीन नायब को आउट हैट्रिक पूरी की थी। उन्होंने अपनी पहली हैट्रिक बांग्लादेश के खिलाफ इससे पिछले मैच में महमदुल्लाह, महेदी हसन और तौहीद हृदोय को आउट किया था। कमिंस लगातार दो हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज हैं।

Advertisement

#4

रोमारियो शेफर्ड - बनाम स्कॉटलैंड और बांग्लादेश

वेस्टइंडीज के शेफर्ड ने स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 17वें ओवर में मैथ्यू क्रॉस, माइकल लीस्क और ओलिवर डेविडसन को लगातार गेंदों पर आउट कर टी-20 विश्व कप में पहली और इस प्रारूप में दूसरी हैट्रिक पूरी की। इससे पहले उन्होंने 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ मैच में 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर नूरुल हसन, 20वें ओवर की पहली 2 गेंदों पर तंजीद हसन और शोरिफुल इस्लाम को आउट कर अपनी पहली हैट्रिक पूरी की थी।

Advertisement