अश्विन का 'डुप्लीकेट' करा रहा ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को अभ्यास, जानिए क्या है कारण
भारतीय क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बीच बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी की शुरुआत 9 फरवरी से हो रही है। इसके लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इसमें वह भारतीय स्पिन गेंदबाजों से निपटने के लिए खास तैयारी कर रही है। इसके लिए उन्होंने 21 वर्षीय भारतीय स्पिनर महेश पिथिया का सहारा लिया है। वह रविचंद्रन अश्विन के एक्शन में गेंदबाजी करते हैं और अब ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को अभ्यास करा रहे हैं। आइए जानते हैं विस्तृत खबर।
खासतौर पर बाएं हाथ के बल्लेबाजों को अभ्यास करा रहे महेश
महेश अभ्यास में ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के बल्लेबाजों को खासतौर पर अभ्यास करा रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया टीम में डेविड वार्नर, मैट रेनशॉ, ट्रेविस हेड और उस्मान ख्वाजा बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और अश्विन इन बल्लेबाजों के लिए परेशानी बन सकते हैं। महेश बिना थके घंटों नेट्स पर गेंदबाजी कर रहे हैं। स्टीव स्मिथ भी उनकी गेंदबाजी पर अभ्यास करते नजर आए। रेनशॉ तो यह कहते हुए सुने गए कि यह खिलाड़ी बिल्कुल अश्विन की तरह गेंदबाजी करता है।
अश्विन जैसे एक्शन के कारण ऑस्ट्रेलिया टीम ने महेश को बुलाया
ऑस्ट्रेलिया के कोचिंग स्टाफ ने अश्विन के एक्शन के कारण ही महेश को नोटिस किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर उनकी गेंदबाजी देखी थी। आखिरी रणजी मैच खेलने के बाद वह बैंगलोर गए। वह उसी होटल में हैं, जहां ऑस्ट्रेलिया टीम ठहरी है। पैट कमिंस और स्मिथ को उनकी गेंदबाजी पंसद आई और अब वह टीम के साथ बस में सवारी भी कर रहे हैं। महेश सौराष्ट्र के जूनागढ़ के रहने वाले हैं। क्रिकेट में भविष्य बनाने के लिए बड़ौदा चले गए।
यहां देखें महेश पिथिया की गेंदबाजी का वीडियो
2022 में किया फर्स्ट क्लास डेब्यू
महेश को इरफान पठान और यूसुफ पठान का साथ मिला है। उन्होंने यूसुफ के साथ ट्रेनिंग भी की है। महेश ने पहली बार 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अश्विन को गेंदबाजी करते देखा था। उन्होंने तभी से उनको आदर्श मान लिया और उसके बाद से इस दिग्गज ऑफ स्पिनर को फॉलो करना शुरू किया। पिछले साल दिसंबर में उन्होंने बड़ौदा के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था। 11 साल की उम्र तक तो उनके घर में टीवी ही नहीं था।
अश्विन से मिलने का सपना है
महेश ने क्रिकबज से अभ्यास सत्र के बाद कहा, "अश्विन से मिलना मेरा सपना है और मुझे उम्मीद है कि यह जल्द ही होगा।" जब बाद में उनसे पूछा गया कि उन्होंने स्मिथ के खिलाफ इतनी शानदार गेंदबाजी की इसके पीछे का कारण क्या है? इस पर उन्होंने कहा कि गेंदबाजी में तेज विविधता से वह उनको परेशान करने में सफल रहे हैं। अभ्यास सत्र में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों का फोकस अश्विन के अलावा रविंद्र जडेजा भी था।
जम्मू कश्मीर के इस गेंदबाज को भी मिला मौका
जम्मू कश्मीर के आबिद मुश्ताक बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया के नेट गेंदबाजों में से एक हैं। रणजी ट्रॉफी में इस खिलाड़ी ने 32 विकेट अपने नाम किए। जिसमें विदर्भ के खिलाफ उन्होंने 8/18 के आंकड़े दर्ज किए थे। उनका औसत 14.38 का रहा है। वह 19 फर्स्ट क्लास मैच में 19.6 की औसत से 71 विकेट भी अपने नाम कर चुके हैं। 2 फरवरी से वह ऑस्ट्रेलिया की टीम से जुड़े हैं।