पाकिस्तान सुपर लीग छोड़ कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा बने ब्लेसिंग मुजारबानी
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के स्पिन गेंदबाज गुडाकेश मोती और जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 से अपना नाम वापस ले लिया है। मोती लाहौर कलंदर्स और मुजारबानी इस्लामाबाद यूनाइटेड की टीम का हिस्सा थे। मोती हाल ही में भारत से अपने देश लौटने में सफल हुए हैं। वेस्टइंडीज टीम पश्चिम एशिया संकट के कारण कोलकाता में फंस गई थी। मुजारबानी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में KKR की टीम का हिस्सा बन गए हैं।
हिस्सा
KKR की टीम का हिस्सा बने मुजारबानी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर कर दिया था। उन्हें KKR ने 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब रहमान की जगह मुजारबानी टीम का हिस्सा बन गए हैं। KKR ने सोशल मीडिया पर इसकी आधिकारिक घोषणा भी कर दी है। मुजारबानी शमार जोसेफ की जगह PSL का हिस्सा बने थे। टी-20 विश्व कप 2026 में इस खिलाड़ी ने 6 मुकाबलों में 14.46 की शानदार औसत से 13 विकेट चटकाए थे।
मौका
मोती की जगह इस खिलाड़ी को मिलेगा मौका
ईएसपीएन क्रिकइन्फो के अनुसार, लाहौर कलंदर्स मोती की जगह श्रीलंका क्रिकेट टीम के युवा ऑलराउंडर दुनिथ वेलालगे को शामिल करने वाली है। 23 वर्षीय वेलालगे का हालिया टी-20 विश्व कप में प्रदर्शन अच्छा रहा था, जहां उन्होंने किफायती गेंदबाजी करते हुए 8 विकेट लिए थे। हाल के समय में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी में भी सुधार किया है। अगर वेलालगे इस टीम का हिस्सा होते हैं तो वह श्रीलंका के टी-20 कप्तान दासुन शनाका के साथ खेलते हुए नजर आएंगे।
परेशानी
अन्य खिलाड़ी को नहीं होगी परेशानी
टी-20 विश्व कप के बाद यात्रा से जुड़ी परेशानियों का PSL में वेस्टइंडीज खिलाड़ियों की उपलब्धता पर ज्यादा असर पड़ने की उम्मीद नहीं है। विश्व कप टीम के जिन खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, उनमें से केवल मोती को ही इस प्रतियोगिता की किसी टीम ने अनुबंधित किया था। वहीं, दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को भी अपने देश लौटने में देरी हुई थी, लेकिन उनकी विश्व कप टीम का कोई खिलाड़ी इस प्रतियोगिता का हिस्सा नहीं है।
आगाज
कब से शुरू होगा PSL?
PSL 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होने जा रही है। मौजूदा विजेता लाहौर कलंदर्स उद्घाटन मुकाबले में नई टीम हैदराबाद किंग्समेन से भिड़ेगी। लाहौर हाल के वर्षों में बेहद सफल रही है और उसने पिछले 4 में से 3 खिताब जीते हैं। पिछले साल गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल में भी लाहौर ने शानदार जीत दर्ज की थी। वेलालगे अगर टीम से जुड़ते हैं तो इससे लाहौर की टीम और मजबूत हो सकती है।