टी-20 विश्व कप: भारत की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत पर नजर
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2024 के दूसरे सेमीफाइनल मैच में भारतीय क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम को 68 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली।
यह टी-20 विश्व कप मैचों में रनों के लिहाज से भारत की चौथी सबसे बड़ी जीत है।
रोहित शर्मा के 57 रन की बदौलत भारत ने 171/7 का स्कोर बनाया। जवाब में इंग्लैंड की टीम 103 रन पर सिमट गई।
आइए टी-20 विश्व कप में भारत की सबसे बड़ी जीत पर नजर डालते हैं।
#4
68 रन (भारत बनाम इंग्लैंड, 2024)
मैच में भारत को विराट कोहली (9) और ऋषभ पंत (4) के रूप में 2 शुरुआती झटके लग गए थे।
उसके बाद रोहित और सूर्यकुमार यादव के बीच 73 रनों की साझेदारी हुई।
आखिर में हार्दिक पंड्या और रवींद्र जड़ेजा की तेज पारियों से भारत ने 171/7 का स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड से क्रिस जॉर्डन ने 3/37 विकेट चटकाए।
जवाब में अक्षर पटेल और कुलदीप यादव के 3-3 विकेटों की बदौलत भारत ने 68 रन से जीत दर्ज कर ली।
#3
71 रन (भारत बनाम जिम्बाब्वे, 2022)
भारत ने टी-20 विश्व कप 2022 में अपने अंतिम सुपर-12 मुकाबले में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को 71 रनों से हराया था।
भारतीय टीम ने मेलबर्न में पहले बल्लेबाजी करने के बाद केएल राहुल (51) और सूर्यकुमार (61) के अर्धशतकों की बदौलत 186/5 का स्कोर बनाया था।
जवाब में जिम्बाब्वे ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और 115 रन पर ढेर हो गई। रविचंद्रन अश्विन ने 22 रन देकर सबसे ज्यादा 3 विकेट अपने नाम किए।
#2
73 रन (भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2014)
टी-20 विश्व कप 2014 के संस्करण में भारत ने ग्रुप चरण के अपने अंतिम मैच में युवराज सिंह के शानदार 60 रनों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 159/7 का स्कोर बनाया था।
जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट खोए। ग्लेन मैक्सवेल 23 सर्वाधिक स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज थे।
ऐसे में पूरी कंगारू टीम केवल 86 रन पर सिमट गई। अश्विन ने भारत की 73 रन की जीत में 11 रन देकर 4 विकेट चटकाए।
#1
90 रन (भारत बनाम इंग्लैंड, 2012)
भारत ने टी-20 विश्व कप 2012 के ग्रुप चरण में इंग्लैंड के खिलाफ अपने सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी।
रोहित (55) और गौतम गंभीर (45) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 170/4 तक पहुंचाने में मदद की।
जवाब में इंग्लिश बल्लेबाजों ने भारतीय स्पिनरों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया और टीम सिर्फ 80 रन पर ढेर हो गई।
भारत से हरभजन सिंह ने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए। उनके अलावा इरफान पठान और पीयूष चावला ने 2-2 विकेट लिए।