
बेंगलुरु भगदड़ मामले में गिरफ्तार होने वाले RCB के शीर्ष अधिकारी निखिल सोसले कौन हैं?
क्या है खबर?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की खिताबी जीत के बाद 4 जून को भगदड़ मची और 11 लोगों ने इस हादसे में अपनी जान गंवाई।
अब इस मामले में बेंगलुरु पुलिस ने गिरफ्तारी की हैं।
खबरों के मुताबिक, RCB प्रबंधन से निखिल सोसले को भगदड़ की घटना के संबंध में गिरफ्तार किया।
इसके साथ-साथ पुलिस ने 3 अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया।
इस बीच RCB के शीर्ष अधिकारी सोसले के बारे में जानते हैं।
निखिल सोसले
कौन हैं निखिल सोसले?
सोसले RCB के मार्केटिंग और रेवेन्यू के प्रमुख हैं। उन्हें बेंगलुरु में पुलिस ने हिरासत में लिया, जब वे कथित तौर पर मुंबई के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रहे थे।
लिंक्डइन पोस्ट के अनुसार, सोसले एक मार्केटिंग लीडर हैं, जिनके पास खेल और पेय उद्योग में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है।
उन्हें RCB के कई मैचों के दौरान अनुष्का शर्मा के साथ मैदान पर भी देखा जाता रहा है।
सफर
लम्बे समय से RCB के साथ जुड़े हुए हैं निखिल सोसले
RCB के साथ उनकी पेशेवर यात्रा 2012 में शुरू हुई, और इन सालों में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।
वह RCB फ्रेंचाइजी के बिजनेस एंड कमर्शियल ऑपरेशन्स को लीड कर चुके हैं। इसके अलावा वह 2023 तक RCB के बिजनेस पार्टनरशिप्स के प्रमुख रह चुके हैं।
सितम्बर 2023 से यानी पिछले 2 साल से वह RCB के मार्केटिंग और रेवेनुए के प्रमुख बने हुए हैं।
गिरफ्तारी
सोसले के अलावा इन 3 लोगों को भी हिरासत में लिया गया
भगदड़ मामले में कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई थी, जिसमें RCB, इवेंट आयोजित करने वाली कंपनी DNA और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) को आरोपी बनाया गया था।
इसी क्रम में पुलिस ने कार्यवाई करते हुए DNA के 3 कर्मचारियों को भी हिरासत में लिया है।
पकड़े गए कर्मचारियों के नाम किरण, सुमंत और सुनील मैथ्यू हैं। उनसे कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में पूछताछ चल रही है।
पूरा मामला
स्टेडियम के बाहर कैसे हुई भगदड़?
IPL 2025 का विजेता बनने के बाद RCB बेंगलुरु में विजय जुलूस निकाल रही थी।
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के अंदर कार्यक्रम आयोजित किया था। हालात उस समय बिगड़ गए, जब कार्यक्रम में भाग लेने हजारों लोग उमड़ पड़े और स्टेडियम के बाहर जमा हो गए।
लोग जबरन स्टेडियम में घुसने लगे, जिसके बाद भगदड़ की स्थिति पैदा हुई और लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, कई लोग घायल हुए हैं।