Page Loader
IPL 2021: दिल्ली ने क्रिस वोक्स की जगह ऑस्ट्रेलिया के अनकैप्ड गेंदबाज को साइन किया
IPL 2021 के बचे हुए सीजन के लिए दिल्ली से जुड़े ड्वारशुइस

IPL 2021: दिल्ली ने क्रिस वोक्स की जगह ऑस्ट्रेलिया के अनकैप्ड गेंदबाज को साइन किया

Sep 13, 2021
12:19 pm

क्या है खबर?

हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 के दूसरे चरण से इंग्लैंड के ऑलराउंडर क्रिस वोक्स ने हटने का फैसला किया था। अब वोक्स की टीम दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर ऑस्ट्रेलिया के अनकैप्ड खिलाड़ी बेन ड्वारशुइस को साइन किया है। DC ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से यह जानकारी दी है। एक नजर डालते हैं पूरी खबर पर।

बयान

जल्द ही UAE में टीम के बायो-बबल में शामिल होंगे ड्वारशुइस

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ड्वारशुइस 2018 में पंजाब किंग्स (तब की किंग्स इलेवन पंजाब) का हिस्सा बने थे। हालांकि, उन्हें एक बार भी प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला था। DC के बयान के अनुसार, "ऑस्ट्रेलिया के ड्वारशुइस जल्द ही UAE में टीम के बायो-बबल में शामिल होंगे।" वहीं DC के कप्तान ऋषभ पंत भी इंग्लैंड दौरे से UAE पहुंच चुके हैं और फिलहाल अपना क्वारंटाइन पूरा कर रहे हैं।

करियर

ऐसा रहा है ड्वारशुइस का टी-20 करियर

इंग्लैंड के ऑलराउंडर क्रिस वोक्स ने व्यक्तिगत कारणों से बचे हुए सीजन से हटने का फैसला किया था। दूसरी तरफ टीम में शामिल किए गए ड्वारशुइस ने 82 टी-20 मुकाबलों में 23.73 की औसत से 100 विकेट ले लिए हैं। 27 वर्षीय ड्वारशुइस बिग बैश लीग (BBL) में अब तक 69 मैचों में 85 विकेट ले चुके हैं। वह BBL के इतिहास में छठे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

जानकारी

IPL 2021 में ऐसा रहा वोक्स का प्रदर्शन

IPL 2021 के पहले चरण में वोक्स ने तीन मैचों में 16.40 की औसत और की 7.45 की इकॉनमी रेट से पांच विकेट लिए थे। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 18 रन देकर दो विकेट लेना रहा था।

अंकतालिका

फिलहाल अंकतालिका में शीर्ष पर है दिल्ली

IPL 2021 में पंत की अगुवाई में गत उपविजेता DC ने आठ मुकाबले खेले और छह जीत के साथ फिलहाल अंक तालिका में शीर्ष पायदान पर बनी हुई है। DC से शिखर धवन ने IPL 2021 में 54.28 के बेमिसाल औसत से 380 रन बनाए हैं और फिलहाल ऑरेंज कैप होल्डर हैं। दूसरी तरफ गेंदबाजी में आवेश खान ने 16.50 की उम्दा औसत से 14 विकेट अपने नाम किए हैं।

शेड्यूल

ऐसा है DC का शेड्यूल

22 सितंबर: दिल्ली कैपिटल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, शाम 7:30 बजे। 25 सितंबर: दिल्ली कैपिटल्स बनाम राजस्थान रॉयल्स, दोपहर 3:30 बजे। 28 सितंबर: दिल्ली कैपिटल्स बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, दोपहर 3:30 बजे। 02 अक्टूबर: दिल्ली कैपिटल्स बनाम मुंबई इंडियंस, दोपहर 3:30 बजे। 04 अक्टूबर: दिल्ली कैपिटल्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, शाम 7:30 बजे। 08 अक्टूबर: दिल्ली कैपिटल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, शाम 7:30 बजे।