रोहित-कोहली के विश्व कप चयन पर BCCI अध्यक्ष का बड़ा बयान आया सामने
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा है कि 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप में विराट कोहली और रोहित शर्मा के चयन का फैसला उनकी उम्र नहीं बल्कि फिटनेस और प्रदर्शन तय करेगी। भारत के न्यूजीलैंड दौरे से पहले उन्होंने यह बात कही। स्पोर्टस्टार को दिए एक इंटरव्यू में मन्हास ने संकेत दिया कि दोनों अनुभवी बल्लेबाजों की दावेदारी उनके अच्छे प्रदर्शन पर निर्भर करती है। आइए उनके बयान पर नजर डालते हैं।
बयान
BCCI अध्यक्ष ने क्या कहा?
BCCI अध्यक्ष ने इंटरव्यू में कहा, "मेरे नजरिए से चयन का आधार निश्चित रूप से फिटनेस और प्रदर्शन होना चाहिए, उम्र नहीं। अगर कोई खिलाड़ी खेलने के लिए फिट है, अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और देश के लिए मैच जीत रहा है तो हमारा ध्यान सिर्फ इसी आधार पर होना चाहिए।"
कोहली और रोहित टी-20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और सिर्फ एक ही प्रारूप में खेलते हैं।
उम्र
अगले साल 40 साल के हो जाएंगे रोहित
रोहित की उम्र अप्रैल 2027 में 40 साल की हो जाएगी जबकि कोहली वनडे विश्व कप के दौरान 38 साल के रहेंगे।
दोनों खिलाड़ियों की उम्र को देखते हुए पूर्व क्रिकेटरों और प्रशंसकों के बीच भारतीय टीम में बदलाव की योजना को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
साथ ही, आने वाले सालों में इन दोनों अनुभवी खिलाड़ियों की भूमिका क्या होगी और टीम के भविष्य को तैयार करने में उनका कितना योगदान रहेगा, इस पर भी चर्चा हो रही है।
अनुभव
शुभमन गिल के काम आएगा इन खिलाड़ियो का अनुभव- BCCI अध्यक्ष
मन्हास ने अपे इंटरव्यू में आगे कहा, "शुभमन गिल भारत की कप्तानी करने के अलावा पिछले 2-3 साल से गुजरात टाइटंस (GT) के कप्तान भी हैं। मुझे लगता है कि विश्व कप अभियान शुरू करते समय उनका यह अनुभव काफी काम आएगा। टीम में कोहली, हार्दिक पांड्या और रोहित का होना निश्चित रूप से उनकी मदद करेगा। इसके अलावा, जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ी भी हैं जो गेंदबाजी की कमान संभाल सकते हैं।"
जिम्मेदारी
गिल के लिए मन्हास ये भी बोले
मन्हास ने गिल को लेकर कहा, "पूरी बात जिम्मेदारियों को बांटने की है। यह देखना दिलचस्प होगा कि चीजें किस तरह आगे बढ़ती हैं। हालांकि, गिल शांत स्वभाव के खिलाड़ी हैं और मुझे लगता है कि अनुभवी खिलाड़ियों का उनके आसपास होना उनके लिए फायदेमंद साबित होगा।"
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज 4 से 15 नवंबर तक होगी।
ऐसे में 2027 विश्व कप की तैयारियों में जुटी भारतीय टीम पर सबकी नजरें रहेंगी।