Page Loader
18 अक्टूबर को होंगे BCCI के चुनाव, पांच पदों के लिए होगी जंग
18 अक्टूबर को BCCI के चुनाव के दिन ही घोषित होंगे नतीजे (तस्वीर: ट्विटर/@baxiabhishek)

18 अक्टूबर को होंगे BCCI के चुनाव, पांच पदों के लिए होगी जंग

Sep 25, 2022
06:13 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने रविवार (25 सितंबर) को आगामी चुनावी सत्र का पूरा कार्यक्रम घोषित कर दिया है। Cricbuzz की एक रिपोर्ट के अनुसार, BCCI ने प्रत्येक राज्य संघ को अपने प्रतिनिधियों को नामित करने के लिए सूचित किया है। 18 अक्टूबर को ही BCCI के चुनावों के लिए वोटिंग होगी और उसी दिन नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे। आइये जानते हैं BCCI चुनावों से जुड़ी अहम जानकारी।

चुनाव

इन पदों पर होंगे चुनाव

BCCI के चुनाव अधिकारी और भारत के पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एके जोती ने सभी राज्य संघों के साथ सात पन्नों की अधिसूचना साझा की है। मुंबई में वार्षिक आम बैठक (AGM) के दिन BCCI संविधान के नियम-6 के तहत पांच पदों (अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष) पर पदाधिकारियों का चुनाव होगा। इसके अलावा BCCI संविधान के नियम 14 के तहत अपेक्स काउंसिल के लिए एक सदस्य और गवर्निंग काउंसिल के लिए दो पदों पर भी चुनाव होंगे।

तारीख

ये हैं BCCI चुनाव की अहम तारीखें

BCCI ने राज्य संघों को 24 सितंबर को अपने प्रतिनिधियों को नामित करने के लिए आवेदन दाखिल करने के लिए कहा था। इसके लिए डेडलाइन 4 अक्टूबर होगी। BCCI 5 अक्टूबर को मतदाता सूची जारी करेगा। सूची में शामिल नामों पर कोई आपत्ति 6-7 अक्टूबर के बीच जमा करनी होगी। जांच के बाद अंतिम मतदाता सूची 10 अक्टूबर को जारी की जाएगी।

प्रक्रिया

18 अक्टूबर को घोषित होंगे चुनाव परिणाम

अंतिम मतदाता सूची जारी होने के साथ दावेदारों को नामांकन आवेदन (व्यक्तिगत रूप से) दाखिल करने के लिए दो दिन (11-12 अक्टूबर) का समय दिया जाएगा। 14 अक्टूबर नामांकन वापस लेने की तारीख (व्यक्तिगत रूप से) होगी। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के नाम 15 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। चुनाव और परिणाम की घोषणा 18 अक्टूबर को होगी।

नियम

ये हैं BCCI चुनाव के नियम

पूर्ण सदस्यों को अपने प्रतिनिधियों को नामित करते समय उनके बारे में उचित जानकारी देनी होगी। एक प्रतिनिधि को तभी पात्र माना जाएगा, जब उसका आवेदन आवश्यक सभी औपचारिकताओं को पूरा करता हो। अगर BCCI चुनाव के लिए किसी को अपात्र के रूप में प्रस्तावित करता है, तो प्रतिनिधि के लिए कोई रिप्लेसमेंट नहीं होगा। निर्वाचन अधिकारी को चुनाव के संबंध में किसी भी मामले के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करने का अधिकार है।

जोड़ी

SC के फैसले के बाद गांगुली, शाह BCCI के पदाधिकारी बने रहेंगे

सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले (बोर्ड संविधान में बदलाव) के बाद सौरव गांगुली और जय शाह एक और कार्यकाल के लिए पात्र हो चुके हैं। ऐसे में गांगुली और शाह का BCCI के पदाधिकारियों के रूप में अपनी भूमिका जारी रख सकेंगे। शाह को अब पदाधिकारी के रूप में एक और कार्यकाल की अनुमति है, क्योंकि सचिव का उनका एक ही कार्यकाल हुआ है। गांगुली की निरंतरता राज्य इकाइयों के समर्थन के अधीन है।