Page Loader
IPL 2025: महेंद्र सिंह धोनी के लिए पुराना नियम लाएगी BCCI, जानिए क्या है पूरा मामला 
महेंद्र सिंह धोनी IPL में खेलते हुए नजर आ सकते हैं (तस्वीर फाइल: एक्स/@IPL)

IPL 2025: महेंद्र सिंह धोनी के लिए पुराना नियम लाएगी BCCI, जानिए क्या है पूरा मामला 

Aug 17, 2024
02:23 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। ऐसा माना जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) एक पुराने नियम को फिर लाने जा रही है। इसके कारण चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर आसानी से खेलते हुए नजर आ सकते हैं। हालांकि, अभी तक ये साफ नहीं हुआ है कि धोनी IPL 2025 का हिस्सा होंगे या नहीं, ऐसे में आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।

नियम

क्या है नियम जिसकी हो रही है वापसी?

साल 2008 से 2021 के बीच IPL में नियम था कि अगर कोई खिलाड़ी 5 साल पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुका है तो उसे अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में नीलामी में उतारा जाएगा। पिछले महीने IPL टीम मालिकों और IPL प्रशासन के बीच हुई बैठक में यह मुद्दा भी उठाया गया था। अगर ऐसा होता है तो CSK के लिए धोनी काफी सस्ते साबित हो जाएंगे। एक अनकैप्ड खिलाड़ी को 4 करोड़ में रिटेन किया जा सकता है।

मामला

CSK ने पूरे मामले पर क्या कहा?

जब इस पूरे मामले में CSK के सीईओ काशी विश्वनाथन से पूछा गया तो उन्होंने कहा, "मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। हमने इसके लिए अनुरोध नहीं किया था। उन्होंने (BCCI) खुद ही हमें बताया है कि अनकैप्ड खिलाड़ी नियम को बरकरार रखा जा सकता है, बस इतना ही। उन्होंने (BCCI) ने अभी तक कुछ भी घोषणा नहीं की है। नियम और विनियम BCCI द्वारा घोषित किए जाएंगे। हमें कुछ नहीं पता है।"

बयान

IPL 2024 में धोनी के क्या कहा था?

IPL 2024 के दौरान धोनी ने कहा था, "IPL 2025 के लिए अभी बहुत समय है। हमें देखना होगा कि टीम खिलाड़ियों को रिटेन करने पर क्या निर्णय लेने वाली है। एक बार नियम और कानून औपचारिक हो जाने के बाद मैं फैसला लूंगा। मेरा फैसला टीम के सर्वोत्तम हित में होगा।" बता दें कि धोनी को साल 2022 में 12 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया था। उन्होंने साल 2024 में कप्तानी छोड़ दी थी।

करियर

कमाल का रहा है धोनी का IPL करियर

धोनी ने अपने IPL करियर में अब तक 264 मैचों में 39 से ज्यादा औसत के साथ 5,243 रन बनाए हैं। वह क्रिकेट की सबसे बड़ी लीग में 7वें सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। धोनी ने बतौर कप्तान IPL में 39.82 की औसत और 137.46 की स्ट्राइक रेट से 4,660 रन अपने नाम किए थे। वह भारत की इस प्रतिष्ठित लीग में कप्तान के रूप में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी हैं।