टी-20 क्रिकेट में कप्तान के तौर पर सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज
क्या है खबर?
फाफ डु प्लेसिस टी-20 क्रिकेट में 12,000 से अधिक रन बना चुके हैं। दुनिया भर की तमाम लीग में हिस्सा लेने वाले डु प्लेसिस ने मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में भी शतकीय पारी खेली। उन्होंने टेक्सास सुपरकिंग्स की कप्तानी करते हुए नाबाद 113 रन बनाए। वह कप्तान के तौर पर संयुक्त रूप से सर्वाधिक शतक लगाने वाले कप्तान बने। इस बीच टी-20 क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाले कप्तानों के बारे में जानते हैं।
#1
फाफ डु प्लेस (9 शतक)
अपने हालिया शतक के साथ डु प्लेसिस ने टी-20 शतकों के मामले में क्विंटन डिकॉक, राइली रूसो, साहिबजादा फरहान और अभिषेक शर्मा की बराबरी की। इन सभी बल्लेबाजों के नाम भी 9-9 शतक हैं। दिलचस्प रूप से डु प्लेसिस के सभी 9 टी-20 शतक कप्तान के तौर पर आए हैं। वह MLC टूर्नामेंट में 4 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज हैं। उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दक्षिण अफ्रीका की कप्तानी करते हुए भी 1 शतक लगाया है।
#2
बाबर आजम (9 शतक)
बाबर आजम का टी-20 क्रिकेट करियर शानदार रहा है। वह अपने टी-20 करियर में अब तक 12,000 से अधिक रन बना चुके हैं, जिसमें 13 शतक शामिल हैं। इस बीच बाबर ने 9 शतक टी-20 क्रिकेट में कप्तानी करते हुए बनाए हैं। बाबर पाकिस्तान की टी-20 लीग पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वह PSL में 4 शतक भी अपने नाम कर चुके हैं।
#3
माइकल क्लिंगर (7 शतक)
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज माइकल क्लिंगर ने अपने टी-20 क्रिकेट करियर में कुल 8 शतक लगाए थे। उन्होंने 7 शतक विटैलिटी ब्लास्ट टी-20 टूर्नामेंट में कप्तानी करते हुए लगाए थे। क्लिंगर ने अपने टी-20 क्रिकेट करियर में 206 मैच खेले, जिसमें 34.45 की औसत और 123.08 की स्ट्राइक रेट के साथ 5,960 रन बनाए थे। नाबाद 126 रन उनका सर्वोच्च टी-20 स्कोर रहा है।
#4
विराट कोहली और जेम्स विंस (5-5 शतक)
इस सूची में भारत के विराट कोहली और इंग्लैंड के जेम्स विंस कप्तानी करते हुए टी-20 में 5-5 शतक लगा चुके हैं। विराट कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की कप्तानी करते हुए 5 शतक लगाए थे। कोहली टी-20 क्रिकेट में 14,000 से अधिक रन बना चुके हैं। वहीं, विंस ने टी-20 क्रिकेट में 13,000 से अधिक रन बनाए हुए हैं, जिसमें 7 शतक भी शामिल हैं।