
IPL के एक संस्करण में मुंबई इंडियंस के लिए 600 से अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में मुंबई इंडियंस (MI) के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने 'क्रिकेट के भगवान' कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
सूर्यकुमार एक IPL संस्करण में MI के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 26 मई को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ 57 रनों की पारी खेलकर यह उपलब्धि हासिल की।
ऐसे में आइए एक सीजन में MI के लिए 600 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों पर नजर डालें।
#1
सूर्यकुमार यादव
IPL इतिहास में MI के लिए एक IPL संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अब सूर्यकुमार के नाम है।
उन्होंने IPL 2025 के प्लेऑफ शुरू होने से पहले तक कुल 14 मैचों में 71.11 की औसत से 640 रन बना दिए हैं। इसके 5 अर्धशतक शामिल हैं।
सूर्यकुमार ने इस IPL के हर मैच में 25 या उससे अधिक का स्कोर बनाया है। क्रिकबज के अनुसार, IPL इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है।
#2
सचिन तेंदुलकर
तेंदुलकर की कप्तानी में IPL 2010 में MI उपविजेता रही थी। टीम को फाइनल में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
मास्टर ब्लास्टर ने कप्तानी के साथ-साथ बेहतरीन बल्लेबाजी की थी और 15 मैचों में 47.53 की औसत से कुल 618 रन बनाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 132.61 रही थी और उन्होंने 5 अर्धशतक अपने नाम किए थे।
इस IPL में तेंदुलकर 'ऑरेंज कैप' पाने वाले पहले भारतीय बने थे।
#3
सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार ने IPL 2023 में भी शानदार खेल दिखाया था। उनकी शुरुआत खराब की थी, लेकिन टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ ही उन्होंने गति पकड़ ली।
उन्होंने 16 मैचों में 46.54 की औसत से कुल 605 रन बनाए थे। इसमें 5 अर्द्धशतक और एक शानदार शतक शामिल था।
ये धाकड़ बल्लेबाज उस IPL में छठा सबसे ज्यादा रन बनाने वाला खिलाड़ी रहा था।
सूर्यकुमार की स्ट्राइक रेट (181.13) कम से कम 425 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सर्वश्रेष्ठ थी।