Page Loader
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज 
सचिन तेंदुलकर सूची में पहले स्थान पर हैं (तस्वीर: एक्स/@ICC)

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज 

Oct 15, 2024
07:44 am

क्या है खबर?

क्रिकेट में अब 3 प्रारूप (टेस्ट, टी-20 और वनडे क्रिकेट) खेले जाते हैं। कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो सभी प्रारूप खेलते हैं और कुछ खिलाड़ी 1 या 2 प्रारूप में अच्छा करते हैं। जितने भी दिग्गज या स्टार खिलाड़ी (बल्लेबाज या गेंदबाज) ये शानदार खेल खेले, उनकी कोई ना कोई पसंदीदा टीम जरूर रही है। ऐसे में आइए उन बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक टीम के खिलाफ सबसे ज्याद शतक लगाए हैं।

#1

सचिन तेंदुलकर (20 शतक बनाम ऑस्ट्रेलिया) 

पहले स्थान पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20 शतक लगाए थे। साल 1991 में सचिन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला मुकाबला खेला था। आखिरी बार वह कंगारू टीम के खिलाफ 2013 में खेलते हुए नजर आए थे। इस खिलाड़ी ने 110 मैच की 144 पारियों में 9 बार नाबाद रहते हुए 49.68 की औसत से 6,707 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 31 अर्धशतक भी निकले थे।

#2

डॉन ब्रैडमैन (19 शतक बनाम इंग्लैंड) 

दूसरे स्थान पर एक और पूर्व दिग्गज डॉन ब्रैडमैन हैं। उन्होंने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 19 शतक लगाए थे। इस पूर्व कंगारू बल्लेबाज ने इंग्लैंड के खिलाफ पहला अंतरराष्ट्रीय मैच साल 1928 में खेला था। आखिरी बार वह 1948 में खेलते हुए नजर आए थे। 37 मैच की 63 पारियों में उन्होंने 7 बार नाबाद रहते हुए 89.78 की उम्दा औसत के साथ 5,028 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 12 अर्धशतक भी निकले थे।

#3

सचिन तेंदुलकर (17 शतक बनाम श्रीलंका)

सूची में तीसरे स्थान पर भी सचिन ही हैं। उन्होंने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ 17 शतक लगाए थे। साल 1990 में इस खिलाड़ी ने पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ खेला था। आखिरी बार वह 2012 में खेलते हुए नजर आए थे। 109 मैच की 112 पारियों में इस खिलाड़ी ने 49.11 की औसत से 5,108 रन बनाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 203 रन रहा था। उनके बल्ले से 23 अर्धशतक भी निकले थे।

#4

विराट कोहली (16 शतक बनाम ऑस्ट्रेलिया)

सूची में चौथे स्थान पर एक और स्टार भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 16 शतक जड़े हैं। साल 2009 में कंगारू टीम के खिलाफ अपना पहला मैच खेलने वाले कोहली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इस टीम के खिलाफ 97 मैच की 113 पारियों में 10 बार नाबाद रहते हुए 5,203 रन बनाए हैं। उनकी औसत 50.51 की रही है। उनके बल्ले से 27 अर्धशतक भी निकले हैं।