Page Loader
IPL इतिहास में सबसे कम पारियों में 4,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाजों पर नजर
जोस बटलर ने हासिल की है खास उपलब्धि (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL इतिहास में सबसे कम पारियों में 4,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाजों पर नजर

May 03, 2025
03:25 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 51वें मैच में गुजरात टाइटंस (GT) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 38 रन से हरा दिया। SRH की टीम 225 रन के लक्ष्य के जवाब में 186/6 रन ही बना पाई। मैच में GT के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने अर्धशतकीय पारी (64) खेली। पारी का 12वां रन बनाते ही उन्होंने IPL में 4,000 रन भी पूरे किए। आइए IPL में सबसे कम पारियों में 4,000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।

#1

केएल राहुल - 105 पारी

इस सूची में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल पहले पायदान पर हैं। उन्होंने 105 पारियों में अपने 4,000 रन पूरे किए थे। हालांकि, गेंदों के हिसाब से वह 9वें नंबर पर हैं। उन्होंने 2,962 गेंदों में यह कारनामा किया था। राहुल अपने IPL करियर में अब तक 141 मैचों की 132 पारियों में 45.95 की औसत और 135.29 की स्ट्राइक रेट से 5,054 रन बना लिए हैं। इसमें 4 शतक के साथ 40 अर्धशतक भी शामिल हैं।

#2

क्रिस गेल - 112 पारी

इस सूची में वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल दूसरे नंबर पर काबिज हैं। उन्होंने 112 पारियों में अपने 4,000 रन पूरे किए थे। हालांकि, गेंदों के हिसाब से वह पहले नंबर पर हैं। उन्होंने 2,653 गेंदों में यह कारनामा किया था। गेल ने अपने IPL करियर में 142 मैचों की 141 पारियों में 39.72 की औसत और 148.96 की स्ट्राइक रेट से 4,965 रन अपने नाम किए थे। इसमें 6 शतक के साथ 31 अर्धशतक भी शामिल हैं।

#3

डेविड वार्नर - 114 पारी

इस सूची में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज डेविड वार्नर तीसरे नंबर पर काबिज हैं। उन्होंने 114 पारियों में अपने 4,000 रन पूरे किए थे। हालांकि, गेंदों के हिसाब से वह 5वें नंबर पर हैं। उन्होंने 2,809 गेंदों में यह कारनामा किया था। वार्नर ने अपने IPL करियर में 184 मैचों की इतनी ही पारियों में 40.52 की औसत और 139.77 की स्ट्राइक रेट से 6,565 रन अपने नाम किए थे। इसमें 4 शतक के साथ 62 अर्धशतक भी शामिल हैं।

#4

जोस बटलर - 116 पारी

इस सूची में GT के विकेटकीपर बल्लेबाज बटलर अब चौथे नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने 116 पारियों में अपने 4,000 रन पूरे किए हैं। हालांकि, गेंदों के हिसाब से वह तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 2,677 गेंदों में यह कारनामा किया था। बटलर ने अपने IPL करियर में 117 मैचों की 116 पारियों में 40.52 की औसत और 149.74 की स्ट्राइक रेट से 4,052 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 7 शतक और 24 अर्धशतक निकले हैं।