बांग्लादेश ने तीसरे वनडे में न्यूजीलैंड को हराते हुए 2-1 से जीती सीरीज
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने तीसरे वनडे मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को 55 रन से हराया। इस जीत के साथ ही बांग्लादेशी टीम ने 3 मैचों की सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया। चटगांव में खेले गए मैच में मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 265/8 का स्कोर बनाया, जिसमें नजमुल हसन शांतो का शतक (105) शामिल रहा। जवाब में कीवी टीम 210 रन बनाकर सिमट गई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती बांग्लादेशी टीम
बांग्लादेश ने 32 रन तक अपने शीर्षक्रम के 3 विकेट गंवाए। इसके बाद शांतो के शतक और लिटन दास के 76 रन की बदौलत बांग्लादेशी टीम ने 250+ का स्कोर बनाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम को हेनरी निकोलस (4) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद निक कैली (59) और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट (75) ने अर्धशतक लगाए। इन दोनों को छोड़कर अन्य बल्लेबाजों ने निराश किया। बांग्लादेश से मुस्तफिजुर रहमान ने घातक (5/43) गेंदबाजी की।
शतक
शांतो ने लगाया अपना चौथा वनडे शतक
शांतो ने मैच में 119 गेंदों का सामना किया और 105 रन बनाए। उनके बल्ले से 9 चौके और 2 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 88.24 की रही। उन्होंने लिटन के साथ मिलकर 178 गेंदों में 160 रन की बेहतरीन साझेदारी हुई। ये उनके वनडे करियर का चौथा और कीवी टीम के खिलाफ पहला ही शतक रहा। साल 2024 के बाद शांतो के बल्ले से निकला ये पहला वनडे शतक है।
लिटन
लिटन ने वनडे करियर का 13वां अर्धशतक लगाया
लिटन ने अपने वनडे करियर का कुल 13वां अर्धशतक लगाया। वह 91 गेंदों में 3 चौकों और एक छक्के की मदद से 76 रन बनाकर आउट हुए। यह कीवी टीम के खिलाफ उनके बल्ले से निकलने वाली पहली अर्धशतकीय पारी रही। उन्होंने अपने वनडे करियर में अब तक 101 मैचों की 100 पारियों में 30.58 की औसत और 85.63 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,783 रन बनाए हैं।
मुस्तफिज़ुर रहमान
मुस्तफिजुर रहमान ने लिया 5 विकेट हॉल
न्यूजीलैंड की पारी के चौथा ओवर करते हुए रहमान ने हेनरी निकोलस (4) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद उन्होंने कैली (59), नाथन स्मिथ (2), जेडेन लेनोक्स (2) और विलियम ओरूके (1) के रूप में विकेट हासिल किए। उनकी गेंदबाजी का विपक्षी बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं दिखा। उन्होंने अपने 9 ओवर में 43 रन देते हुए 5 विकेट लिए। उनके अलावा नाहिद राणा ने 37 रन देते हुए 2 सफलताएं अपने नाम की।
अर्धशतक
कैली और फॉक्सक्रॉफ्ट ने लगाए अर्धशतक
कैली ने अपने वनडे करियर का दूसरा अर्धशतक लगाया। वह 80 गेंदों में 59 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 1 छक्का लगया। कीवी ऑलराउंडर फॉक्सक्रॉफ्ट ने प्रभावशाली पारी खेलते हुए अपना दूसरा अर्धशतक लगाया। वह 72 गेंदों में 75 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस अर्धशतकीय पारी में उन्होंने 7 छक्के लगाए। वह आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए।