बांग्लादेश सरकार का भारत में टी-20 विश्व कप खेलने से इनकार, BCB ने दी सफाई
क्या है खबर?
बांग्लादेश ने आधिकारिक तौर पर भारत में होने वाले टी-20 विश्व कप 2026 में खेलने से इनकार कर दिया है। बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घोषणा चेन्नई और तिरुवनंतपुरम को बांग्लादेश के विश्व कप मैचों के संभावित स्थल के रूप में देखे जाने के बाद हुई है। यह फैसला बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के बीच विवाद के बाद लिया गया है।
बयान
नजरुल ने क्या दिया बयान?
नजरुल ने कहा, "ICC ने बांग्लादेश को पत्र लिखकर भारत में टी-20 विश्व कप खेलने को लेकर उनकी सुरक्षा चिंताओं को स्वीकार किया है। ऐसे में हम भारत में नहीं खेलेंगे। मैंने पहले कहा है कि भारत का मतलब भारत है। हम भारत की बात कर रहे हैं। हमने कोलकाता का नाम नहीं लिया। इसलिए हमारा रुख यह है कि अगर आप कोलकाता की जगह कोई और स्थान देते हैं- श्रीलंका को दिया जा सकता है, कोई समस्या नहीं है।"
स्पष्ट
पाकिस्तान के मेजबानी करने की खबरों पर क्या बोले नजरुल?
नजरुल ने आगे कहा, "मैंने अखबारों में पढ़ा, मुझे नहीं पता कि यह सच है या झूठ कि पाकिस्तान ने टी-20 विश्व कप में हमारे मैचों की मेजबानी का प्रस्ताव दिया है। इसे पाकिस्तान में आयोजित करें, कोई समस्या नहीं। इसे संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित करें, कोई समस्या नहीं। हां, बांग्लादेश टीम भारत में मैच नहीं खेलेगी।" बता दें कि BCCI और BCB के बाद पाकिस्तान ने बांग्लादेश के मैचों की मेजबानी का प्रस्ताव रखा था।
रिपोर्ट
ICC की सुरक्षा मूल्यांकन रिपोर्ट से बढ़ी चिंता
नजरुल ने ICC की सुरक्षा आकलन रिपोर्ट का भी हवाला दिया, जिसमें मुस्तफिजुर रहमान को टीम में शामिल किए जाने पर संभावित समस्याओं को उजागर किया गया था। उन्होंने कहा, "आप यहां क्रिकेट से जुड़ी खबरें जानने आए हैं। क्रिकेट के लिहाज से हमारे पास कोई नई जानकारी नहीं है।" उन्होंने दावा किया कि रिपोर्ट में संकेत दिया गया है कि अगर बांग्लादेश के समर्थक यात्रा के दौरान राष्ट्रीय जर्सी पहनते हैं तो टीम के लिए सुरक्षा जोखिम बढ़ जाएगा।
सवाल
नजरुल ने ICC की अपेक्षाओं पर उठाए सवाल
नजरुल ने बांग्लादेश से ICC की अपेक्षाओं पर सवाल उठाते हुए कहा, "अगर ICC हमसे यह उम्मीद करती है कि हम अपने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को बाहर रखकर क्रिकेट टीम बनाएंगे, तो इससे ज्यादा बेतुकी, अवास्तविक या अनुचित अपेक्षा और कोई नहीं हो सकती।" उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत में मौजूदा सांप्रदायिक स्थिति और बांग्लादेश विरोधी माहौल को देखते हुए बांग्लादेश के लिए भारत में क्रिकेट खेलना असंभव हो गया है।
जोर
नजरुल ने क्रिकेट के वैश्विक स्वरूप पर दिया जाेर
नजरुल ने इस बात पर जोर दिया कि क्रिकेट खेलने पर किसी का एकाधिकार नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, "किसी पूरे खेल या टूर्नामेंट का भविष्य बाजार प्रबंधन के आधार पर तय नहीं किया जा सकता।" उन्होंने यह भी कहा कि अगर ICC सचमुच एक वैश्विक संगठन बनना चाहती है, तो उसे बांग्लादेश को श्रीलंका में होने वाले टी-20 विश्व कप में खेलने की अनुमति देनी चाहिए। एकतरफा निर्णय पूरी तरह से गलत और पक्षपाती होगा।
सफाई
BCB ने दी सफाई
नजरुल के इस बयान को BCB ने खारिज कर दिया है। BCB ने कहा, 'आज युवा एवं खेल मंत्रालय के सलाहकार द्वारा जिस पत्राचार का हवाला दिया गया, वह BCB और ICC के सुरक्षा विभाग के बीच हुआ एक आंतरिक संवाद था, जो केवल बांग्लादेश टीम के लिए किए गए सुरक्षा आकलन से जुड़ा था। इसे भारत के बाहर मैच स्थानांतरित करने के अनुरोध पर ICC का औपचारिक जवाब नहीं माना जा सकता है। हमे जवाब का इंतजार है।'