बांग्लादेश को बड़ा झटका, ऑलराउंडर मोहम्मद सैफुद्दीन चोट के कारण एशियाई खेलों से हुए बाहर
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट टीम को एशियाई खेल 2026 के बीच बड़ा झटका लगा है। टीम के ऑलराउंडर मोहम्मद सैफुद्दीन दाहिने पैर की हैमस्ट्रिंग चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। फिजियो बायजेदुल इस्लाम खान ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सैफुद्दीन को यह चोट 19 सितंबर को एक अभ्यास सत्र के दौरान लगी थी, जब उन्होंने गेंदबाजी करते समय तेज दर्द की शिकायत की थी। MRI जांच में उनकी चोट की गंभीरता की पुष्टि हुई है।
समय
सैफुद्दीन को ठीक होने में लगेगा 3 सप्ताह का समय
फिजियो खान के अनुसार, सैफुद्दीन को चोट से उबरने में करीब 3 सप्ताह के पुनर्वास और आराम की आवश्यकता होगी।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने एशियाई खेलों में सैफुद्दीन की अनुपलब्धता के बारे में बांग्लादेश ओलंपिक एसोसिएशन (BOA) को भी सूचित कर दिया है।
बोर्ड जल्द ही सैफुद्दीन के विकल्प के रूप में एक नए खिलाड़ी के नाम की घोषणा करेगा, जिसे एशियाई खेल प्राधिकरण से मंजूरी मिलना अभी बाकी है।
मुकाबला
दक्षिण अफ्रीका-A के खिलाफ खेले थे सैफुद्दीन
सैफुद्दीन को आखिरी बार दक्षिण अफ्रीका-A के खिलाफ खेली गई सीरीज के दौरान मैदान पर देखा गया था, जहां उन्होंने एक अनौपचारिक टेस्ट और 2 वनडे मैचों में भाग लिया था।
बांग्लादेश के लिए उनका पिछला प्रदर्शन जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे के दौरान आया था।
इस बीच बांग्लादेश की टीम 29 सितंबर को एशियाई खेलों में अपना चौथा क्वार्टर फाइनल मैच खेलने के लिए मैदान पर उतरेगी, जहां उसे सैफुद्दीन की कमी खलेगी।
करियर
कैसा रहा है सैफुद्दीन का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर?
सैफुद्दीन ने साल 2017 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था।
वह अब तक 51 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं, जिसकी 50 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 26.08 की औसत और 8.56 की इकॉनमी से 57 विकेट चटकाने में सफल रहे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 33 रन देकर 4 विकेट लेना रहा है।
इसी तरह वह 30 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 304 रन बनाने में भी सफल रहे हैं।