LOADING...
अजमतुल्लाह उमरजई ने टी-20 विश्व कप में लिया पहला 4 विकेट हॉल, उपयोगी पारी भी खेली
अजमतुल्लाह उमरजई ने टी-20 विश्व कप में लिया पहला 4 विकेट हॉल

अजमतुल्लाह उमरजई ने टी-20 विश्व कप में लिया पहला 4 विकेट हॉल, उपयोगी पारी भी खेली

Feb 16, 2026
03:28 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के 28वें मुकाबले में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए टीम को UAE क्रिकेट टीम के खिलाफ जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पहले गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए और फिर बल्लेबाजी में भी हाथ दिखाते हुए नाबाद 40 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। यह उनका टी-20 विश्व कप में पहला ही 4 विकेट हॉल रहा है। आइए उनके आंकड़े जानते हैं।

गेंदबाजी

कैसी रही उमजरई की गेंदबाजी?

उमरजई ने UAE टीम को शून्य के स्कोर पर आर्यांश शर्मा के रूप में पहला झटका देते हुए मैच में अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद भी उनकी शानदार गेंदबाजी जारी रही और उन्होंने सैयद हैदर (13), हर्षित कौशिक (0) और उसके बाद अर्धशतक बनाकर खतरनाक साबित हो दिख रहे सोहेब खान (68) को भी अपना शिकार बनाया। उन्होंने कोटे के 4 ओवर में 3.80 की इकॉनमी से महज 15 रन खर्च ये सफलताएं अर्जित की।

उपलब्धि

अफगानिस्तान के लिए 50 विकेट पूरे करने वाले छठे गेंदबाज बने उमरजई

उमरजई ने अपना तीसरा विकेट लेते ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने 50 विकेट भी पूरे कर लिए। वह यह कारनामा करने वाले अफगानिस्तान के केवल छठे गेंदबाज बने हैं। अफगानिस्तान के लिए सर्वाधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड कप्तान राशिद खान के नाम दर्ज, जिन्होंने 191 विकेट चटकाए हैं। इस सूची में मोहम्मद नबी (105) दूसरे, मुजीब उर रहमान (89) तीसरे, नवीन उल हक (67) चौथे और फजलहक फारूकी (66) 5वें नंबर पर हैं।

Advertisement

बल्लेबाजी

उमरजई ने बल्लेबाजी में भी दिखाया कमाल

उमरजई ने बल्लेबाजी में भी कमाल दिखाते हुए टीम को 5 विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वह 21 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 40 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने मोहम्मद नबी (3*) के साथ छठे विकेट के लिए 22 रन की साझेदारी कर टीम को 4 गेंद शेष रहते हुए जीत दिला दी। उनके अब 65 मैचों की 54 पारियों में 1 अर्धशतक की मदद से 795 रन हो गए हैं।

Advertisement

करियर

कैसा रहा है उमरजई का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर?

उमरजई ने साल 2022 में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। वह अब तक 65 मैचों की 60 पारियों में 24.71 की औसत और 8.17 की इकॉनमी से से 53 विकेट लेने में सफल रहे हैं। वह 3 बार 4 विकेट हॉल भी ले चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/9 का रहा है। टी-20 विश्व कप में वह 13 मैचों में 10 विकेट लेने में सफल रहे हैं। यह उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

Advertisement