Page Loader
ऑस्ट्रेलियन ओपन: सानिया मिर्जा को टेनिस करियर के आखिरी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में मिली हार
सानिया मिर्जा ने मिक्स्ड डबल्स स्पर्धा में रोह बोपन्ना के साथ AO में भाग लिया (तस्वीर: ट्विटर/@MirzaSania)

ऑस्ट्रेलियन ओपन: सानिया मिर्जा को टेनिस करियर के आखिरी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में मिली हार

Jan 27, 2023
11:02 am

क्या है खबर?

भारत की दिग्गज टेनिस स्टार सानिया मिर्जा को अपने टेनिस करियर के अंतिम ग्रैंड स्लैंम टूर्नामेंट के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। सानिया वर्तमान में जारी ऑस्ट्रेलिया ओपन (AO) की मिक्स्ड डबल्स स्पर्धा में अन्य भारतीय स्टार रोहन बोपन्ना के साथ जोड़ी बनाकर खेल रही थीं। खिताबी मुकाबले में सानिया और बोपन्ना की जोड़ी को ब्राजील के लुइसा स्टेफनी और राफेल माटोस की जोड़ी ने सीधे सेटों (7-6, 6-2) में हराकर उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

भावुक

सानिया मैच के बाद हुईं भावुक

36 साल की सानिया पहले ही अपने टेनिस करियर से संन्यास का ऐलान कर चुकी हैं। AO उनके करियर का अंतिम ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट रहा, वहीं वह अपना अंतिम टेनिस टूर्नामेंट फरवरी में खेलेंगे। मैच के बाद भारतीय स्टार कुछ भावुक भी नजर आईं। उन्होंने मैच के बाद कहा, "मेरा पेशेवर करियर मेलबर्न में शुरू हुआ था। मैं अपने (ग्रैंड स्लैम) करियर को समाप्त करने के लिए इससे बेहतर जगह के बारे में नहीं सोच सकती थी।"

जानकारी

सानिया अगले महीने खेलेंगी अपना अंतिम टूर्नामेंट

सानिया ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि फरवरी में WTA 1000 दुबई ड्यूटी फ्री टेनिस चैंपियनशिप के बाद अपने पेशेवर टेनिस करियर को हमेशा के लिए अलविदा कह देंगी।

ट्विटर पोस्ट

मैच के बाद सानिया ने क्या कहा?

प्रदर्शन

सानिया ने खेला 11वां ग्रैंड स्लैम फाइनल, बोपन्ना का चौथा

यह सानिया के टेनिस करियर का 11वां ग्रैंड स्लैम फाइनल था। उन्होंने अपने करियर में कुल 43 युगल खिताब जीते हैं जिसमें छह ग्रैंड स्लैम भी शामिल हैं। वहीं बोपन्ना अपने चौथे ग्रैंड स्लैम फाइनल में खेलने उतरे थे। उन्होंने साल 2017 फ्रेंच ओपन में टिमिया बाबोस के साथ खेलते हुए एक खिताब जीता था। खिताबी मुकाबले में भारतीय जोड़ी दबाव में नजर आई और खुलकर अपना स्वाभाविक खेल नहीं दिखा पाई। ब्राजीली जोड़ी ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया।

उपलब्धि

सानिया ने अपने टेनिस करियर की किए ये कमाल

सानिया ने भारतीय दिग्गज महेश भूपति के साथ मिलकर 2009 में AO और साल 2012 में फ्रेंच ओपन भी जीता था। 2014 में सानिया ने US ओपन भी जीता था। सानिया ने मार्टिना हिंगिस के साथ खेलते हुए साल 2015 में विंबलडन महिला डबल्स का खिताब जीता था। इतना ही नहीं इस भारतीय खिलाड़ी ने हिंगिस के साथ ही मिलकर उसी साल US ओपन और साल 2016 में AO भी जीतने में सफलता पाई थी।

खास बातें

सानिया से जुड़ी कुछ बातें और रोचक आंकड़े

सानिया अपने टेनिस करियर में महिला सिंगल्स रैंकिंग में शीर्ष 27वें स्थान (27 अगस्त, 2007) तक पहुंची थी। उन्होंने महिला सिंगल्स स्पर्धा में कुल 271 मुकाबले खेले थे जिनमें से 161 में जीत हासिल की। उनकी जीत का प्रतिशत 62.7 का रहा। डबल्स स्पर्धा में उन्होंने शीर्ष रैंकिंग नंबर एक (13 अप्रैल, 2015) रह चुकी है। उन्होंने कुल 531 डबल्स मुकाबले खेलते हुए 242 में जीत हासिल की और कुल 43 खिताब जीते।