ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने पहले वनडे में भारत को हराया, सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने पहले वनडे में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 6 विकेट से हराते हुए 3 मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल की। एलन बॉर्डर फील्ड में हुए मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 214 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती ऑस्ट्रेलियाई टीम
भारत से प्रतीका रावल (0), शफाली वर्मा (4), और जेमिमा रोड्रिगेज (8) दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकी। इसके बाद स्मृति मंधाना (58) और हरमनप्रीत कौर (54) ने अर्धशतक लगाए। निचले क्रम में काश्वी गौतम ने 43 रन की पारी खेली और टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। जवाब में एलिसा हीली (50) और फीबी लिचफील्ड (32) ने अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद बेथ मूनी (76) और एनाबेल सदरलैंड (48*) ने टीम को जीत दिलाई।
अर्धशतक
मंधाना और हरमनप्रीत ने लगाए अर्धशतक
मंधाना ने 68 गेंदों का सामना किया और 58 रन बनाने में सफल रहीं। उनके बल्ले से 7 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 85.29 की रही। वहीं, हरमनप्रीत ने 84 गेंदों का सामना करते हुए 53 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 चौके निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 63.10 की रही। हरमनप्रीत के वनडे करियर का ये 23वां अर्धशतक रहा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने छठा अर्धशतक जड़ा। मंधाना ने अपना 35वां अर्धशतक लगाया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका ये 7वां अर्धशतक रहा।
मूनी
मूनी ने पूरे किए अपने 3,000 वनडे रन
मूनी ने अपने वनडे करियर का 20वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने 79 गेंदों का सामना करते हुए 76 रन बनाए और इस दौरान ऑस्ट्रेलिया की ओर से 3,000 वनडे रन पूरे करने वाली 7वीं बल्लेबाज बनीं। मूनी ने अपने 93वें वनडे मैच में ये आंकड़ा छूआ। क्रिकइंफो के मुताबिक, वह ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों में बेलिंडा क्लार्क (4,844), कैरेन रोल्टन (4,814), मेग लैनिंग (4,602), एलिस पेरी (4,504), एलिसा हीली (3,613), और एलेक्स ब्लैकवेल (3,492) के साथ शामिल हुई।
हीली
हीली ने अपना 19वां अर्धशतक लगाया
हीली ने अपने वनडे करियर का 19वां अर्धशतक लगाया। वह 70 गेंदों में 50 रन की पारी खेलकर आउट हुई। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके लगाए। क्रांति गौड़ ने हीली का विकेट हासिल किया। हीली ने मूनी के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी भी की। हीली ने अपने वनडे करियर में अब तक 124 मैचों की 112 पारियों में 36.13 की औसत के साथ 3,613 रन बनाए।