ऑस्ट्रेलिया ने पहले वनडे में इंग्लैंड को 7 विकेट से हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने पहले वनडे मुकाबले में इंग्लैंड क्रिकेट टीम को 7 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ कंगारू टीम ने 3 मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 131 रन बनाए थे। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ 3 विकेट खोकर 23.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका ये फैसला सही साबित हुआ।
अपना पहला वनडे मुकाबला खेल रहे माहली बियर्डमैन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके। वहीं, स्पेंसर जॉनसन को 3 सफलताएं मिलीं।
इंग्लैंड की ओर से गस एटकिंसन ने सबसे ज्यादा 29 रन बनाए। अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए।
इसके जवाब में मिचेल मार्श की 50 रन की शानदार पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
विकेट
ऐसी रही बियर्डमैन की गेंदबाजी
महज 21 साल के बियर्डमैन ने अपनी रफ्तार और सटीक गेंदबाजी से इंग्लैंड के बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।
पूरी इंग्लैंड टीम 33.4 ओवर में ही ऑलआउट हो गई। बियर्डमैन ने 7.4 ओवर में एक मेडन के साथ 24 रन देकर 6 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी 3.10 की रही।
इस दौरान उन्होंने जो रूट (17), हैरी ब्रूक (1), जॉर्डन कॉक्स (2), सैम कर्रन (0), लियाम डॉसन (0) और जोफ्रा आर्चर (11) को अपना शिकार बनाया।
दूसरे
वनडे में डेब्यू मैच के दौरान 5 विकेट हॉल लेने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई
बियर्डमैन वनडे इतिहास में डेब्यू मैच में 5 विकेट हॉल लेने वाले ऑस्ट्रेलिया के महज दूसरे गेंदबाज बने हैं।
उनसे पहले साल 1988 में टोनी डोडेमाइड ने यह ऐतिहासिक कारनामा किया था।
टोनी ने श्रीलंका के खिलाफ 7.2 ओवर में 21 रन देकर 5 विकेट लिए थे। बियर्डमैन के लिस्ट-A करियर का यह पहला ही 5 विकेट हॉल रहा।
उन्होंने अब तक 12 मुकाबले खेले हैं और इसकी 12 पारियों में लगभग 24 की औसत से 27 विकेट चटकाए हैं।
उपलब्धि
बियर्डमैन ने हासिल की ये उपलब्धि
वनडे डेब्यू में 5 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले सबसे युवा गेंदबाजों की सूची में बियर्डमैन ने 5वां स्थान हासिल कर लिया है।
इस सूची में बांग्लादेश के तस्कीन अहमद शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 19 साल 75 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था।
मुस्तफिजुर रहमान दूसरे और दक्षिण अफ्रीका के कगिसो रबाडा तीसरे स्थान पर हैं।
श्रीलंका के चरिथा बुद्धिका चौथे नंबर पर हैं। बियर्डमैन ने 21 साल 74 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की।
कप्तानी
मार्श की कप्तानी पारी पर एक नजर
मार्श ने 30 गेंदों का सामना किया और 50 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 4 चौके और 4 छक्के निकले। उकी स्ट्राइक रेट 166.67 की रही।
ये उनके वनडे करियर का 25वां अर्धशतक रहा। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अपना 8वां पचासा लगाया।
इंग्लैंड के खिलाफ मार्श ने 23 मैचों की 22 पारियों में 35.04 की औसत से 736 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 73 रन है। कुल 106 वनडे में इस खिलाड़ी ने 3,445 रन बनाए हैं।