ऑस्ट्रेलिया विश्व कप 2027 से पहले जिम्बाब्वे में खेलेगी 3 वनडे मैचों की सीरीज- रिपोर्ट
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम साल 2003 के बाद पहली बार जिम्बाब्वे में वनडे सीरीज खेलने आई और उसे 3-0 से अपने नाम किया। अब कंगारू टीम एक बार फिर जिम्बाब्वे दौरे पर आ सकती है। हाल ही में हुई सीरीज के दौरान बड़ी संख्या में दर्शक मुकाबले देखने पहुंचे थे। जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने इस दौरान बड़ी टीमों से देश में नियमित रूप से दौरे करने की अपील भी की थी। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।
मैदान
जिम्बाब्वे में 3 नए स्टेडियम की हुई पुष्टि
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने जिम्बाब्वे क्रिकेट प्रमुख तवेंगवा मुकुहलानी को नया उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।
इसी बीच ICC ने वनडे विश्व कप 2027 के लिए जिम्बाब्वे के 3 मैदानों की पुष्टि भी की है। इनमें हरारे और बुलावायो के स्थापित मैदानों के अलावा निर्माणाधीन 10 हजार दर्शक क्षमता वाला नया स्टेडियम भी शामिल है।
विश्व कप का आयोजन दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया के साथ जिम्बाब्वे में होगा। नए स्टेडियम में टूर्नामेंट के मुकाबले खेले जाएंगे।
तय
अक्टूबर-नवंबर से पहले हो सकती है वनडे सीरीज
ऑस्ट्रेलिया 2027 वनडे विश्व कप में जिम्बाब्वे में खेलेगी या नहीं, यह अभी तय नहीं हुआ है। ICC ने टूर्नामेंट का पूरा कार्यक्रम जारी नहीं किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विश्व कप से पहले कंगारू टीम के जिम्बाब्वे दौरे की योजना तैयार कर चुकी है।
अक्टूबर-नवंबर में होने वाले विश्व कप से पहले दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जा सकती है।
इससे ऑस्ट्रेलिया को टूर्नामेंट की तैयारियों का मौका मिलेगा।
सीरीज
11 दिन के दौरे का ऑस्ट्रेलिया की टीम ने खूब लिया आनंद
ऑस्ट्रेलिया विश्व कप से पहले टेस्ट मैचों में व्यस्त रहने वाली है। साल 2027 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया में 3 मैचों की वनडे सीरीज ही उनका दूसरा निर्धारित कार्यक्रम है।
ऐसे में ये सीरीज होना लगभग पक्का है।
जिम्बाब्वे दौरे पर टीम की कप्तानी मिचेल मार्श कर रहे थे। उन्होंने बचपन के कुछ साल हरारे में बिताए हैं।
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 11 दिन के जिम्बाब्वे दौरे के दौरान वहां के माहौल और मेहमाननवाजी का खूब आनंद लिया है।
बयान
रजा ने क्या कहा था?
रजा ने कहा था, "ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों से बात करने पर लगा कि उन्होंने यहां अच्छा समय बिताया। मुझसे पहले मैच के टॉस के समय मार्श ने पूछा था कि क्या मैदान पर दर्शक आएंगे? मैंने कहा था कि मैं गारंटी दे सकता हूं कि दर्शक जरूर आएंगे। दर्शकों ने हमें निराश नहीं किया। आखिरी मैच के टॉस के समय मार्श ने कहा कि वह दर्शकों से बेहद प्रभावित हैं। उनकी कई पुरानी यादें ताजा हो गईं।"