टेस्ट क्रिकेट: बांग्लादेश के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के इन गेंदबाजों ने चटकाए हैं सबसे ज्यादा विकेट
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम और बांग्लादेश क्रिकेट टीम के बीच 13 अगस्त से 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। 2003 के बाद पहली बार बांग्लादेश ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट खेलेगी। ऑस्ट्रेलिया XI के खिलाफ अभ्यास मैच में बांग्लादेश की टीम महज 54 रन पर ऑलआउट हो गई थी। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के खिलाफ बांग्लादेशी बल्लेबाजों का रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। ऐसे में आइए इस प्रारूप में बांग्लादेश के खिलाफ सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले कंगारू गेंदबाजों पर एक नजर डालते हैं।
#1
स्टुअर्ट मैकगिल (33 विकेट)
इस सूची में पहले स्थान पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिन गेंदबाज स्टुअर्ट मैकगिल हैं।
उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ पहला टेस्ट मैच साल 2003 में खेला था। आखिरी बार वह 2006 में इस टीम के खिलाफ खेलते हुए नजर आए थे।
उन्होंने 4 मुकाबले खेले थे और इसकी 8 पारियों में 15.75 की औसत से 33 विकेट लिए थे। उन्होंने 4 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किए थे।
उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 8/108 का रहा था।
#2
नाथन लियोन (22 विकेट)
ऑस्ट्रेलिया के स्टार स्पिन गेंदबाज नाथन लियोन इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं।
उन्होंने 2017 में बांग्लादेश के खिलाफ 2 टेस्ट मैच खेले थे। इसकी 4 पारियों में उन्होंने 14.31 की शानदार औसत से 22 विकेट चटकाए थे। इस दौरान उन्होंने 3 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किए।
लियोन ने एक मैच में 10 विकेट भी लिए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 7/94 का रहा है।
लियोन आगामी सीरीज में भी ऑस्ट्रेलिया की टीम का हिस्सा होंगे।
#3
जेसन गिलेस्पी (19 विकेट)
कंगारू टीम के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जेसन गिलेस्पी इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।
उन्होंने साल 2003 से 2006 के बीच बांग्लादेश के खिलाफ 4 टेस्ट मैच खेले थे। इसकी 8 पारियों में गिलेस्पी ने 13.68 की शानदार औसत से 19 विकेट चटकाए थे।
हालांकि, वह इस दौरान एक बार भी 5 विकेट हॉल अपने नाम नहीं कर सके थे। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 4/38 का रहा था।
#4
शेन वॉर्न (11 विकेट)
ऑस्ट्रेलिया के महान खिलाड़ी शेन वॉर्न ने साल 2006 में बांग्लादेश के खिलाफ 2 टेस्ट मैच खेले थे।
इन मुकाबलों की 4 पारियों में उन्होंने 27.27 की औसत से 11 विकेट चटकाए थे। वॉर्न ने इस दौरान एक बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किया था।
उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 5/113 का रहा था।
बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में उनका प्रदर्शन प्रभावी रहा था। उस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से जीत मिली थी।