इंग्लैंड के खिलाफ वनडे और टी-20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम का ऐलान, इन्हें मिला मौका
क्या है खबर?
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने 13 नवंबर से शुरू होने वाली इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ घरेलू सीमित ओवरों की सीरीज के लिए अपनी टीमों का ऐलान कर दिया है। 8 मुकाबलों की इस सीरीज में 3 वनडे और 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे। खास बात है कि पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड जैसे प्रमुख खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। ये खिलाड़ी न्यूजीलैंड और भारत के खिलाफ आगामी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) मुकाबलों की तैयारी करेंगे।
वनडे
एलिस भी हुए वनडे टीम से बाहर
कमिंस, स्टार्क और हेजलवुड के अलावा तेज गेंदबाज नाथन एलिस भी इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में नहीं खेलेंगे।
एलिस फिलहाल चोट से उबर रहे हैं। उन्हें सितंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई सीरीज के दौरान साइड स्ट्रेन की समस्या हुई थी।
इसी चोट के कारण वह अभी पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने उन्हें वनडे सीरीज से बाहर रखने का फैसला किया है।
नए
इन नए चेहरों को मिला मौका
अनुभवी खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में ऑस्ट्रेलिया ने अपनी टीम में कई नए चेहरों को मौका दिया है।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप में खेल चुके महली बियर्डमैन और ओलिवर पीक को 14 सदस्यीय वनडे टीम में शामिल किया गया है।
उभरते हुए ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स और लियाम स्कॉट भी इस टीम का हिस्सा हैं।
वहीं, टी-20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूप के लिए निखिल चौधरी, जोएल डेविस, लाचलान शॉ और सैम हार्पर को टीम में जगह मिली है।
अंतरराष्ट्रीय
ये अनुभवी खिलाड़ी भी टी-20 टीम का हिस्सा नहीं
कई अनुभवी खिलाड़ी भी टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में नहीं खेलेंगे।
टेस्ट टीम के नियमित सदस्य ट्रेविस हेड, मैथ्यू रेनशॉ, कैमरून ग्रीन, एलेक्स कैरी, जोश इंग्लिस और कूपर कोनोली वनडे सीरीज खेलने के बाद 5 मैचों की टी-20 सीरीज से बाहर रहेंगे।
इन खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा।
ऑस्ट्रेलिया की टीम इंग्लैंड के खिलाफ आगामी सीमित ओवरों की सीरीज में इन नए खिलाड़ियों को आजमाने के लिए तैयार है।
शेड्यूल
सीरीज के शेड्यूल पर एक नजर
वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 13 नवंबर को पर्थ में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा वनडे 15 नवंबर को एडिलेड और तीसरा तथा आखिरी मुकाबला 18 नवंबर को होबार्ट में आयोजित होगा।
वहीं, इसके ठीक बाद 5 मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज शुरू होगी।
पहला मुकाबला 21 नवंबर को होगा। दूसरा मुकाबला 24 नवंबर, तीसरा 27 नवंबर, चौथा 29 नवंबर और पांचवां व आखिरी मैच 2 दिसंबर को खेला जाएगा।
टीम
सीरीज के लिए ऐसी है दोनों टीमें
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, महली बियर्डमैन, एलेक्स कैरी, कूपर कोनोली, जैक एडवर्ड्स, कैमरून ग्रीन, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, स्पेंसर जॉनसन, ओलिवर पीक, मैथ्यू रेनशॉ, लियाम स्कॉट और एडम जैम्पा।
इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, महली बियर्डमैन, निखिल चौधरी, टिम डेविड, जोएल डेविस, जैक एडवर्ड्स, नाथन एलिस, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, सैम हार्पर, स्पेंसर जॉनसन, मिचेल ओवेन, लाचलान शॉ और एडम जैम्पा।