Page Loader
एशियाई खेल: भारतीय महिला हॉकी टीम ने मलेशिया को 6-0 से हराया, दर्ज की दूसरी जीत 
भारतीय महिला हॉकी टीम ने जीता लगातार दूसरा मैच (तस्वीर: एक्स/@imranirampal)

एशियाई खेल: भारतीय महिला हॉकी टीम ने मलेशिया को 6-0 से हराया, दर्ज की दूसरी जीत 

Sep 29, 2023
05:38 pm

क्या है खबर?

चीन में खेले जा रहे 19वें एशियाई खेल में भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने दूसरे मैच में मलेशिया हॉकी टीम को 6-0 से हराते हुए अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत से मोनिका, दीप ग्रेस इक्का, नवनीत कौर, वैष्णवी फाल्के, संगीता कुमारी और लालरेम्सियामी ने 1-1 गोल किए। बता दें कि भारत ने अपने पहले मैच में सिंगापुर को 13-0 से हराया था। आइए भारतीय टीम के प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।

पहला क्वार्टर

पहले क्वार्टर में भारत ने दागे 4 गोल 

मैच की शुरुआत में भी भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिल गया। हालांकि, उस प्रयास पर गोल नहीं हो सका। इसके बाद भारत ने मलेशियाई टीम पर लगातार दबाव बनाया और इस बीच मैच के 7वें मिनट पर मोनिका ने शानदार गोल करके टीम का खाता खोल दिया। अगले ही मिनट पर भारतीय टीम ने पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया और इस मौके पर दीप ग्रेस इक्का ने गोल किया। इसके बाद नवनीत कौर और वैष्णवी फाल्के ने गोल किए।

दूसरा क्वार्टर 

दूसरे क्वार्टर में संगीता कुमार ने किया गोल 

दूसरे क्वार्टर में भारत को 20वें मिनट में अच्छा मौका मिला, जिस पर दीप गोल नहीं कर सकी। मैच के 24वें मिनट पर नेहा के शानदार पास पर संगीता कुमारी ने रिवर्स टॉमहॉक के जरिए गोल करते हुए भारत की बढ़त को और मजबूत कर दिया। इस गोल के ठीक बाद मलेशिया को पहला पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिस पर वे गोल नहीं कर सके। दूसरे क्वार्टर की समाप्ति के बाद स्कोर 5-0 से भारत के पक्ष में रहा।

जानकारी

गोल रहित रहा तीसरा क्वार्टर 

भारतीय टीम के लगातार प्रयासों के बीच तीसरा क्वार्टर गोल रहित रहा। तीसरे क्वार्टर में मलेशियाई खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन में सुधार किया।

चौथा क्वार्टर 

चौथे क्वार्टर में लालरेम्सियामी ने किया गोल 

चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ही भारत ने पेनाल्टी कॉर्नर हासिल करने में सफलता हासिल की। भारत के इस प्रयास को विपक्षी गोलकीपर ने अपनी मुस्तैदी से नाकाम कर दिया। भारतीय टीम के सामने मलेशियाई खिलाड़ी कहीं भी टिकते हुए नजर नहीं आए। मैच के 49वें मिनट में लालरेम्सियामी ने गोल कर दिया। इसके बाद लगातार प्रयास के बावजूद मैच में कोई और गोल नहीं देखने को नहीं मिला और भारत ने मैच जीत लिया।

पोल

क्या भारतीय महिला हॉकी टीम मौजूदा एशियाई खेलों में पदक जीतने में कामयाब हो पाएगी?