Page Loader
एशियाई खेल 2023: भारतीय हॉकी टीम ने जापान को 4-2 से हराया, लगातार तीसरा मैच जीता
भारतीय पुरुष हॉकी टीम की टूर्नामेंट में यह तीसरी जीत है (तस्वीर: एक्स/@19thAGofficial)

एशियाई खेल 2023: भारतीय हॉकी टीम ने जापान को 4-2 से हराया, लगातार तीसरा मैच जीता

Sep 28, 2023
08:03 pm

क्या है खबर?

एशियाई खेल 2023 में भारतीय हॉकी टीम ने गुरुवार को खेले गए मुकाबले में जापान हॉकी टीम को 4-2 से हरा दिया। भारतीय टीम ने जापान के खिलाफ उचित रणनीति के साथ मैदान में उतरते हुए शानदार खेल दिखाया। भारत ने अपनी शानदार लय के साथ पदक जीतने के अपने अभियान एक और कदम मजबूती के साथ आगे बढ़ा दिया है। आइए मैच में दोनों टीमों के प्रदर्शन और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

रिपोर्ट

भारत ने पहले क्वार्टर में दागा 1 गोल 

भारतीय टीम को पहले क्वार्टर में गोल के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा। जापान टीम ने अपनी प्रतिष्ठा के अनुरूप भारत को काफी देर तक छकाया। भारत ने अंततः मैच के पहले क्वार्टर के 13वें मिनट में अपना खाता खोला। अभिषेक ने जापान की रक्षापंक्ति को भेदते हुए शानदार गोल दाग दिया। जापान के खिलाड़ियों ने भी इस दौरान गोल करने का भरकस प्रयास किया, लेकिन वह भारत की मजबूत रक्षापंक्ति के आगे इसमें कामयाब नहीं हो पाए।

रिपोर्ट

दूसरे क्वार्टर में कप्तान मनदीप ने दागा गोल 

दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम को गोल के लिए लगभग 9 मिनट बाद सफलता हाथ लगी। मैच के 24वें मिनट में कप्तान मनदीप सिंह ने शानदार गोल दागा। नीलकांत से मिले पास पर मनदीप ने कोई गलती नहीं की और गोल दागते हुए भारत की बढ़त को मजबूत कर दिया। इसके बाद भारत इस क्वार्टर में और कोई गोल नहीं कर पाया। हाफ टाइम की समाप्ति तक भारत ने अपनी बढ़त का 2-0 तक पहुंचा दिया था।

रिपोर्ट

तीसरे क्वार्टर तक भारत ने बनाई 3-0 की बढ़त 

तीसरे क्वार्टर में भारत को गोल के लिए अधिक इंतजार नहीं करना पड़ा। मैच के 35वें मिनट में अमित रोहिदास ने भारत के लिए तीसरा गोल दागा। रोहिदास ने हार्दिक के लॉन्ग पास और सुखजीत के पास को भुनाते हुए ड्रैग फ्लिक पर शानदार गोल कर दिया। तीसरे क्वार्टर में भारत ने अपने खेल की गति को और बढ़ाया, लेकिन वह और कोई गोल करने में कामयाब नहीं हो सकी।

जानकारी

न्यूजाबाइट्स प्लस

दोनों टीमें अब तक 36 बार आपस में भिड़ चुकी हैं। इनमें से भारत ने 29 बार जीत हासिल की है। जापान ने केवल 3 बार जीत हासिल की है। दोनों के बीच 4 मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं।

रिपोर्ट

चौथे क्वार्टर में जापान ने की नाकाम वापसी 

चौथे क्वार्टर में भारत की ओर से अभिषेक ने मैच के 48वें मिनट में गोल दागकर बढ़त को 4-0 तक पहुंचा दिया। इस बीच जापान ने अंतिम समय में आक्रामक खेल दिखाया और 2 गोल दागकर वापसी करने का प्रयास किया। हालांकि, यह प्रयास मैच जीतने के लिए नाकाफी साबित हुआ। जापान के लिए मैच के 56वें मिनट में जेंकी और 57वें मिनट में ताकाशी ने गोल दागा। अंत में मुकाबला 4-2 से भारत के पक्ष में समाप्त हुआ।