एशियाई खेल 2026: क्या BCCI वहन करेगा भारतीय खिलाड़ियों के आवास का खर्च?
क्या है खबर?
भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने स्पष्ट किया है कि अगर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अपने खिलाड़ियों को 'आईची-नागोया' (जापान) में होने वाले एशियाई खेल 2026 के आधिकारिक विलेज या तय होटलों से बाहर रखना चाहता है, तो उसे इसका पूरा खर्च खुद उठाना होगा। इसमें खिलाड़ियों के ठहरने, खाने-पीने, परिवहन और समय पर वेन्यू तक पहुंचने की पूरी लॉजिस्टिक जिम्मेदारी शामिल होगी। आइए जानते हैं कि IOA ने क्या कुछ कहा है।
बयान
हम खिलाड़ियों की भलाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध- अय्यर
IOA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) रघुराम अय्यर ने जोर दिया कि IOA जिम्मेदारी 36 खेलों में संपूर्ण भारतीय दल के साथ समान व्यवहार और कल्याण सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा, "अपने आकलन के आधार पर वे तय कर सकते हैं कि वे आयोजकों की सुविधाओं का उपयोग करना चाहते हैं या अपनी खुद की व्यवस्था करना चाहते हैं।"
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इसका समाधान निकालना BCCI और आयोजकों की जिम्मेदारी है।
परेशानी
होटलों के आवंटन से नाखुश है BCCI?
खेल आयोजकों ने दोनों भारतीय क्रिकेट टीमों के लिए रहने की व्यवस्था तय कर दी है, जो आमतौर पर 5 सितारा सुविधाओं के आदी रहने वाले क्रिकेटरों के मानकों से कम है।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पुरुष टीम को तीन सितारा होटल (APA होटल नागोया एकिमाए) और हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली महिला टीम को 4-स्टार होटल (मीतेत्सु ग्रैंड होटल) निर्धारित किया है।
इन होटलों में कमरे 'ट्विन-शेयरिंग' (एक कमरे में दो खिलाड़ी) के आधार पर दिए गए हैं।
कार्यक्रम
दोनों टीमों का कार्यक्रम और जापान रवानगी की तारीखें
दोनों टीमों के आगमन और मैचों का कार्यक्रम अलग-अलग तय किया गया है।
महिला टीम दुबई में चल रहे एशिया कप से 13 सितंबर को स्वदेश लौटेगी और 14 सितंबर नागोया के लिए उड़ान भरेगी। उनका एशियाई खेल अभियान सीधे 18 सितंबर को क्वार्टर फाइनल से शुरू होगा।
कप्तान श्रेयस की अगुवाई में पुरुष टीम 21 सितंबर को जापान रवाना होगी। वह भी सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करेगी और उसका अभियान 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलेगा।
जानकारी
BCCI की टीम करेगी सुविधाओं का निरीक्षण
BCCI की एक विशेष टीम अगले सप्ताह जापान (नागोया) का दौरा करेगी। यह टीम वहां के होटलों, आयोजन स्थल और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण करेगी। उसके बाद बोर्ड अपने दम पर खिलाड़ियों के लिए अलग होटल बुक करने का अंतिम फैसला लेगा।
टेस्ट
अलग रहने पर डोपिंग टेस्ट का बढ़ेगा झंझट
अगर, BCCI अपनी टीमों को आधिकारिक खेल विलेज या होटलों से बाहर ठहराता है, तो एंटी-डोपिंग प्रक्रियाओं को लेकर जटिलताएं बढ़ेंगी।
नियमों के मुताबिक, विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (WADA) और अंतरराष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (ITA) के डोप-नियंत्रण अधिकारियों को खिलाड़ियों की सटीक लोकेशन की लगातार जानकारी देनी होगी।
इससे अधिकारी बिना किसी पूर्व सूचना के खिलाड़ियों के चुने हुए निजी होटलों में जाकर डोप टेस्ट कर सकेंगे।