Page Loader
27 अगस्त से श्रीलंका में खेला जाएगा एशिया कप, टी-20 फॉर्मेट में होगा टूर्नामेंट का आयोजन
तस्वीर- Instagram/accmedia1

27 अगस्त से श्रीलंका में खेला जाएगा एशिया कप, टी-20 फॉर्मेट में होगा टूर्नामेंट का आयोजन

लेखन Neeraj Pandey
Mar 19, 2022
03:23 pm

क्या है खबर?

एशिया कप के लिए दर्शकों का लंबा इंतजार खत्म होने वाला है। एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) ने घोषणा कर दी है कि इस साल 27 अगस्त से टूर्नामेंट का आयोजन श्रीलंका में किया जाएगा। ACC के पदाधिकारियों ने श्रीलंका में एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) किया है। AGM में फैसला लिया गया है कि टूर्नामेंट टी-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा और इसके क्वालीफायर 20 अगस्त से शुरु होंगे। आइए जानते हैं पूरी खबर।

2020

2020 एशिया कप को होस्ट करने वाली थी श्रीलंका

श्रीलंका एशिया कप के 2020 संस्करण का होस्ट करने वाली थी, लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण इसे दो बार स्थगित करना पड़ा था। टूर्नामेंट के दो बार स्थगित करने के बावजूद श्रीलंका ने 2022 संस्करण का अधिकार हासिल किया था। 2020 का जो संस्करण खेला नहीं जा सका था उसे अब 2023 में खेला जाएगा। 2023 में होने वाला एशिया कप पारंपरिक वनडे फॉर्मेट में खेला जाएगा।

पाकिस्तान

पाकिस्तान में होना है 2023 एशिया कप

ACC ने पिछले साल अक्टूबर में कहा था कि 2023 में होने वाला वनडे एशिया कप पाकिस्तान में खेला जाएगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) लगातार कहता आया है कि इस बार वे अपने आयोजन अधिकार को किसी के साथ नहीं शेयर करेंगे और टूर्नामेंट का आयोजन अपने देश में करेंगे। फिलहाल देखना होगा कि अगले साल क्रिकेट विश्व कप और IPL के बीच PCB और ACC किस तरह टूर्नामेंट का शेड्यूल बना पाती हैं।

इतिहास

एशिया कप की सबसे सफल टीम है भारत

आखिरी बार साल 2018 में यूएई में एशिया कप खेला गया था, जिसमे रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम ने खिताब जीता था। फाइनल मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को तीन विकेट से हराया था। एशिया कप के अब तक के इतिहास में भारतीय टीम सबसे सफल रही है। भारत ने अब तक सर्वाधिक सात बार एशिया कप जीता है। इसके बाद श्रीलंका पांच एशिया कप खिताब के साथ दूसरी सबसे सफल टीम है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

ACC प्रेसीडेंट के रूप में जय शाह के कार्यकाल को 2024 तक के लिए बढ़ा दिया गया है। शाह पिछले साल ACC प्रेसीडेंट बने थे और इस पद को संभालने वाले सबसे युवा व्यक्ति बने थे।