
एशिया कप टी-20: सबसे खर्चीले भारतीय गेंदबाज, जानिए किसने एक मैच में लुटाए सर्वाधिक रन
क्या है खबर?
एशिया कप के टी-20 प्रारूप में बल्लेबाजों ने कई बार भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली है। कभी किसी ओवर में लगातार चौके-छक्के पड़े तो कभी पूरे स्पेल में गेंदबाज बुरी तरह पिट गए। ऐसे में कई भारतीय गेंदबाज एक ही मैच में सबसे ज्यादा रन लुटाने के अनचाहे रिकॉर्ड के साथ सुर्खियों में रहे। आइए एशिया कप 2025 के आगाज से पहले सबसे खर्चीले भारतीय गेंदबाजों पर नजर डाल लेते हैं।
#1
आवेश खान (53 रन)
इस सूची में भारतीय तेज गेंदबाज आवेश खान पहले स्थान पर हैं। वह भारत के एकमात्र ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने एशिया कप के टी-20 प्रारूप में 50 से ज्यादा रन खर्च किए हैं। साल 2022 हांगकांग क्रिकेट टीम के बल्लेबाजों ने उनके खिलाफ 4 ओवर में 53 रन जड़ दिए थे। उनकी इकॉनमी रेट 13.25 की रही थी। उन्हें 1 सफलता भी मिली थी। आवेश के खिलाफ बल्लेबाजों ने 5 चौके और 4 छक्के लगाए थे।
#2
अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या (44-44 रन)
दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से 2 गेंदबाज अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या हैं। अर्शदीप ने 2022 में हांगकांग के खिलाफ 4 ओवर में 44 रन खर्च किए थे। उनकी इकॉनमी 11 की रही थी। उनके खिलाफ बल्लेबाजों ने 8 चौके लगाए थे। उन्होंने 2 नो बॉल भी दिए थे। हार्दिक ने पाकिस्तान के खिलाफ 2022 के ही टूर्नामेंट में 4 ओवर में 44 रन दिए थे। पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने उनके खिलाफ 1 चौका और 6 छक्के लगाए थे।
#3
युजवेंद्र चहल (43 रन)
युजवेंद्र चहल इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने साल 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ 4 ओवर में 10.75 की इकॉनमी रेट से 43 रन खर्च किए थे। उन्हें 1 सफलता मिली थी। चहल के खिलाफ बल्लेबाजों ने 6 चौके और 1 छक्का लगाया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 181/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में पाकिस्तान ने 19.5 ओवर में इस लक्ष्य को हासिल कर लिया था।
#4
भुवनेश्वर कुमार और अर्शदीप सिंह (40-40 रन)
इस सूची में चौथे स्थान पर संयुक्त रूप से 2 गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और अर्शदीप हैं। दोनों ने साल 2022 के एशिया कप के मुकाबलों में 40-40 रन खर्च किए थे। भुवनेश्वर ने पाकिस्तान के खिलाफ 4 ओवर में 10 की इकॉनमी से ये रन दिए थे। अर्शदीप ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ 3.5 ओवर में 10.43 की इकॉनमी से 40 रन खर्च किए थे। इन दोनों मुकाबलों में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था।