LOADING...
एशिया कप, सुपर-4: श्रीलंका ने अफगानिस्तान को चार विकेट से हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स
श्रीलंका ने जीत के साथ की सुपर-4 की शुरुआत (तस्वीर: ट्विटर/ICC)

एशिया कप, सुपर-4: श्रीलंका ने अफगानिस्तान को चार विकेट से हराया, मैच में बने ये रिकॉर्ड्स

लेखन Neeraj Pandey
Sep 03, 2022
11:16 pm

क्या है खबर?

एशिया कप 2022 के सुपर-4 के पहले मुकाबले में श्रीलंका ने अफगानिस्तान को चार विकेट से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने रहमानुल्लाह गुरबाज (84) की बदौलत 175/6 का स्कोर खड़ा किया था। जवाब में श्रीलंका ने बल्लेबाजों ने एकजुट प्रयास के दम पर मैच अपने नाम कर लिया और जीत के साथ सुपर-4 की शुरुआत की है। आइए जानते हैं कैसा रहा मुकाबला और क्या बने इसमें रिकॉर्ड्स।

लेखा-जोखा

इस तरह श्रीलंका को मिली जीत

पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान के लिए गुरबाज (84) और इब्राहिम जादरान (40) ने दूसरे विकेट के लिए 93 रनों की साझेदारी की। श्रीलंका के लिए दिलशान मधुशंका ने सबसे अधिक दो विकेट लिए। स्कोर का पीछा करते हुए श्रीलंका ने 62 रनों की ओपनिंग साझेदारी की थी। कुशल मेंडिस (36) और पथुम निसंका (35) की शानदार पारी के बाद दनुश्का गुनाथिलका (33) और भानुका राजपक्षे (31) की बेहतरीन पारियों ने श्रीलंका को जीत दिलाई।

रहमानुल्लाह गुरबाज

गुरबाज ने खेली शानदार पारी

अफगानिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने 45 गेंदों में 84 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी पारी में गुरबाज ने चार चौके और छह छक्के लगाए। यह टी-20 फॉर्मेट में खेले गए एशिया कप में किसी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर हो गया है। इससे पहले 2016 में खेले गए टी-20 फॉर्मेट के एशिया कप में रोहित शर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ 83 रनों की पारी खेली थी।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

गुरबाज ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपना लिया था और उन्होंने केवल 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अफगानिस्तान की ओर से लगाया गया संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है।

दसुन शनाका

शनाका बने श्रीलंका के सबसे सफल टी-20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान

दसुन शनाका की कप्तानी में श्रीलंका ने 14वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जीता है और वह इस फॉर्मेट में श्रीलंका के सबसे सफल कप्तान बन गए हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने अब तक 31 मैच खेले हैं जिनमें से 16 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। दिनेश चांदीमल की कप्तानी में श्रीलंका ने 26 में से 13 मैच जीते थे और अब तक वह इस फॉर्मेट में श्रीलंका के सबसे सफल कप्तान थे।

जानकारी

श्रीलंका ने बनाए ये रिकॉर्ड्स

श्रीलंका द्वारा हासिल किया गया यह लक्ष्य शारजाह में हासिल किया गया सबसे बड़ा लक्ष्य हो गया है। इसके साथ ही यह अफगानिस्तान के खिलाफ किसी टीम द्वारा हासिल किया गया भी सबसे बड़ा लक्ष्य हो गया है।