एशिया कप 2026: भारत के खिलाफ 55 रन पर सिमटी पाकिस्तानी महिला टीम, बनाया न्यूनतम स्कोर
क्या है खबर?
एशिया कप 2026 के 9वें मैच में पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए सभी विकेट खोकर 55 रन बनाए। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने निराश किया और पूरी टीम 18.1 ओवर में सिमट गई। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पाकिस्तानी महिला टीम का न्यूनतम स्कोर है। भारत की ओर से श्री चरणी और प्रेमा रावत ने 3-3 विकेट लिए।
बल्लेबाजी
निराशाजनक रही पाकिस्तानी बल्लेबाजी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम के बल्लेबाज भारतीय स्पिनरों के सामने आउट होते चले गए।
पाकिस्तान से मुनीबा अली (13) और शवाल जुल्फिकार (14) के रूप में सलामी बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सकीं।
गुल फिरोजा, कप्तान फातिमा सना और नशरा संधू अपना खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गई।
वहीं, आयशा जफर 2 रन और सदाफ शमास 3 रन बनाकर ही आउट हो गई।
पाकिस्तान
पाकिस्तान ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना न्यूनतम स्कोर बनाया
पाकिस्तान ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में अपना न्यूनतम स्कोर बनाया।
क्रिकबज के मुताबिक, इस मैच से पहले 2024 में पाकिस्तानी टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ 56 रन पर ढेर हुई थी। ये मुकाबला भी दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में ही खेला गया था।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पाकिस्तान का तीसरा सबसे कम स्कोर 60 रन है, जो उन्होंने 2009 में इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ टांटन में बनाया था।
गेंदबाजी
प्रेमा और श्री चरणी ने लिए 3-3 विकेट
भारत की ओर से श्री चरणी सबसे सफल गेंदबाज रही। इस बाएं हाथ की स्पिनर ने अपने 4 ओवर में सिर्फ 7 रन देते हुए 3 विकेट लिए।
उन्होंने गुल फिरोजा (0) और शवाल जुल्फिकार (14) और आयशा जफर (2) को पवेलियन की राह दिखाई।
लेग स्पिनर प्रेमा रावत ने अपने 4 ओवर में सिर्फ 9 रन देते हुए 3 ही विकेट लिए।
वहीं, दीप्ति शर्मा ने 2 और शफाली वर्मा ने एक विकेट लिया।