एशिया कप 2026: भारतीय महिला टीम ने हांगकांग को हराते हुए सेमीफाइनल में बनाई जगह
क्या है खबर?
एशिया कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने हांगकांग महिला क्रिकेट टीम को 137 रन से हराते हुए अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की। दुबई में खेले गए मैच में भारत ने पहले खेलते हुए 193/5 का स्कोर बनाया, जिसमें स्मृति मंधाना ने शतक (124) लगाया। जवाब में भारतीय गेंदबाजों के सामने हांगकांग की पूरी टीम सिर्फ 56 रन पर ही सिमट गई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती भारतीय टीम
भारत से मंधाना और शफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने 78 रन की साझेदारी की।
अच्छी शुरुआत दिलाने के बाद भी मंधाना ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा शतक लगाया।
उनकी पारी की मदद से भारत ने 200 रन के करीब स्कोर खड़ा किया।
जवाब में हांगकांग ने 36 रन तक अपने 4 विकेट गंवाए। इसके बाद भी हांगकांग के विकेटों के गिरने का क्रम जारी रहा और टीम लक्ष्य से दूर रह गई।
रिकॉर्ड्स
मंधाना ने एशिया कप का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाया
मंधाना ने सिर्फ 64 गेंदों पर 124 रनों की शानदार पारी खेली।
क्रिकबज के अनुसार, अब महिला टी-20 एशिया कप में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड मंधाना के नाम पर दर्ज हो गया है।
उन्होंने श्रीलंका की चमारी अट्टापट्टू (119*) का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा। इस सूची में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर मिताली (97*) के नाम पर है।
मंधाना ने 173 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की 167 पारियों में 30.79 की औसत से 4,681 रन बनाए हैं।
रिकॉर्ड
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन वाली महिला बल्लेबाज बनी मंधाना
अपनी 124 रनों की इस पारी के साथ मंधाना के नाम अब महिलाओं के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन का विश्व रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
सभी प्रारूप को मिलाकर उन्होंने कुल 10,880 रन बनाए हैं।
मंधाना अब भारत की पूर्व दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज से आगे निकल गई हैं, जिन्होंने 10,868 रन बनाए थे।
इस सूची में तीसरे सबसे ज्यादा रन सूजी बेटस (10,740) ने बनाए हैं।
दीप्ति
दीप्ति ने लिए 3 विकेट
भारत की ओर से दीप्ति शर्मा सबसे सफल गेंदबाज साबित हुई।
उन्होंने अपने 3 ओवर में सिर्फ 9 रन देते हुए 3 विकेट लिए। तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा ने 3 ओवर में 6 रन देते हुए 2 सफलताएं हासिल की।
युवा स्पिनर प्रेमा रावत ने 12 रन देते हुए 2 विकेट अपने नाम किए।
श्रीचरणी के खाते में भी 2 सफलताएं आई। उन्होंने 3.2 ओवर में 16 रन दिए।
भारत
भारत ने सेमीफाइनल में किया प्रवेश
एशिया कप 2026 में भारत ने अपनी दूसरी जीत दर्ज की।
हरमनप्रीत की कप्तानी वाली टीम ने अपने पहले मैच में थाईलैंड को 94 रन से हराया था।
ग्रुप-A में मौजूद भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया है।
अभी 5 सितंबर को भारत का सामना पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम से होना है। इस आखिरी ग्रुप मैच के परिणाम का असर भारतीय टीम पर नहीं पड़ने वाला है।