व्हाट्सऐप बिजनेस में बड़ा बदलाव, 1 अक्टूबर से मैसेज भेजने के लिए देना होगा पैसा
क्या है खबर?
मेटा ने व्हाट्सऐप बिजनेस इस्तेमाल करने वाले कारोबारों के लिए नई फीस का ऐलान किया है। यह नया नियम 1 अक्टूबर, 2026 से लागू होगा। इसके बाद सर्विस से जुड़े मैसेज भेजने पर प्रति मैसेज पैसे देने होंगे। हालांकि, कारोबारों को हर महीने 1,000 सर्विस मैसेज मुफ्त भेजने की सुविधा मिलेगी। यह सीमा हर बिजनेस फोन नंबर के लिए अलग होगी। मुफ्त मैसेज इस्तेमाल नहीं होने पर अगले महीने नहीं जुड़ेंगे और हर महीने फिर से 1,000 मैसेज मिलेंगे।
नियम
पहले 1,000 मैसेज होंगे मुफ्त
मेटा के नए नियम के मुताबिक, हर बिजनेस फोन नंबर से महीने में भेजे गए पहले 1,000 सर्विस मैसेज मुफ्त होंगे।
इसके बाद 1,001वें मैसेज से चार्ज लगना शुरू होगा। उदाहरण के लिए, अगर किसी कारोबार ने पूरे महीने 800 मैसेज भेजे तो उसे कोई पैसा नहीं देना होगा।
हालांकि, 1,200 मैसेज भेजने पर 1,000 मैसेज मुफ्त रहेंगे और बाकी 200 मैसेज का चार्ज देना होगा। मुफ्त मैसेज की सीमा हर महीने दोबारा शुरू होगी।
असर
किन कारोबारों पर पड़ेगा असर?
यह बदलाव उन कारोबारों के लिए है जो व्हाट्सऐप बिजनेस को API या केसिस्टेंस जैसे सिस्टम के जरिए चलाते हैं।
मेटा के मुताबिक, सर्विस मैसेज की कीमत बाजार के हिसाब से तय होगी। इसलिए हर जगह चार्ज एक जैसा जरूरी नहीं है।
अगर कोई छोटा कारोबार महीने में 100 से 200 ग्राहकों से बात करता है और कुल मैसेज 1,000 के अंदर रहते हैं, तो उसे इस नए चार्ज के लिए भुगतान नहीं करना पड़ेगा।
अन्य
24 घंटे वाला नियम रहेगा जारी
नए चार्ज के साथ व्हाट्सऐप के 24 घंटे वाले नियम में कोई बदलाव नहीं होगा।
सर्विस मैसेज केवल उस समय भेजे जा सकेंगे, जब ग्राहक सेवा की 24 घंटे वाली विंडो खुली होगी। यह विंडो ग्राहक के मैसेज भेजने पर शुरू होती है और हर नए मैसेज के साथ फिर से शुरू हो जाती है।
1,000 मुफ्त मैसेज मिलने के बावजूद कारोबार अपनी मर्जी से किसी भी समय मैसेज नहीं भेज सकेंगे। उन्हें व्हाट्सऐप के नियमों का पालन करना होगा।