Page Loader
एशेज सीरीज: जोश हेजलवुड ने इंग्लैंड के खिलाफ झटके हैं 60 विकेट, जानिए उनके आंकड़े
जोश हेजलवुड इंग्लैंड के बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

एशेज सीरीज: जोश हेजलवुड ने इंग्लैंड के खिलाफ झटके हैं 60 विकेट, जानिए उनके आंकड़े

Jun 11, 2023
11:05 am

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बीच एशेज सीरीज की शुरुआत 16 जून से होनी है। यह ऐतिहासिक सीरीज इंग्लैंड में खेली जानी है। इंग्लैंड में तेज गेंदबाजों को काफी मदद मिलती है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आ रहा है। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड का प्रदर्शन इंग्लैंड के खिलाफ शानदार रहा है। ऐसे में वह इंग्लैंड के खिलाफ परेशानी खड़ी कर सकते हैं। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

करियर

शानदार रहा है हेजलवुड का टेस्ट करियर 

हेजलवुड ने टेस्ट क्रिकेट में पहला मैच 2014 में खेला था। उन्होंने अब तक ऑस्ट्रेलिया के लिए 59 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 25.83 की औसत से 222 विकेट लेने में कामयाब रहे हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 57.0 की रही है। हेजलवुड ने 9 बार 5 विकेट हॉल लिया है। उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी 6/67 की रही है। उन्होंने 553 ओवर मेडन डाले हैं। उनके खिलाफ बल्लेबाजों ने 5,735 रन बनाए हैं।

प्रदर्शन 

इंग्लैंड के खिलाफ कैसा रहा है हेजलवुड का प्रदर्शन? 

इंग्लैंड के बल्लेबाजों को हेजलवुड काफी परेशान करते आए हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पहला मुकाबला साल 2015 में खेला था। वह अब तक 14 टेस्ट खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 24.45 की औसत से 60 विकेट लिए हैं। इस दौरान उन्होंने 120 ओवर मेडन डाले हैं। उन्होंने 2 बार 5 विकेट हॉल भी अपने नाम किया है। उनकी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी 5/30 की रही है। उन्होंने 2.98 की इकॉनमी और 49.1 की स्ट्राइक रेट से गेंदबाजी की है।

बल्लेबाज

इंग्लैंड के प्रमुख बल्लेबाजों के खिलाफ कैसा रहा है हेजलवुड का प्रदर्शन?

हेजलवुड और जो रूट का सामना 24 पारियों में हुआ है। रूट ने उनके खिलाफ 260 रन बनाए हैं और 8 बार उनका शिकार बने हैं। बेन स्टोक्स और हेजलवुड का सामना 12 पारियों में हुआ है। वह सिर्फ 1 बार उन्हें आउट कर पाए हैं। स्टोक्स ने उनके खिलाफ 97 रन बनाए हैं। जॉनी बेयरस्टो और हेजलवुड का सामना 15 पारियों में हुआ है और वह 5 बार आउट हुए हैं। इस दौरान बेयरस्टो ने 125 रन बनाए हैं।

फिट

चोट से परेशान हैं हेजलवुड

हेजलवुड पिछले कुछ समय से लगातार चोटों से जूझ रहे हैं। वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 में भी चोट से परेशान रहे थे। वह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की ओर से सिर्फ 3 मैचों में खेले थे। चोट के कारण वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल भी नहीं खेल पाए हैं। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली का कहना है कि वह एशेज के दौरान पूरी तरह से फिट हो जाएंगे।