अर्जुन तेंदुलकर घरेलू क्रिकेट में गोवा के लिए खेलना जारी रखेंगे
क्या है खबर?
क्रिकेट खिलाड़ी अर्जुन तेंदुलकर ने घरेलू क्रिकेट में गोवा के साथ जुड़े रहने का फैसला किया है। 26 वर्षीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हाल ही में गोवा के ओमान दौरे पर नहीं गए थे, जिसके बाद टीम के साथ उनके भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि, स्पोर्ट्सस्टार की रिपोर्ट के अनुसार, गोवा क्रिकेट बोर्ड के सूत्रों ने पुष्टि की है कि अर्जुन टीम का हिस्सा बने रहेंगे।
आंकड़े
कैसे हैं अर्जुन के आंकड़े?
अर्जुन 2022-23 घरेलू सत्र से पहले मुंबई से गोवा चले गए थे। इसके बाद उन्होंने टीम में अपनी जगह मजबूत की और 50 फर्स्ट-क्लास विकेट लेने के साथ बल्ले से भी अहम योगदान दिया।
गोवा के लिए अपने डेब्यू मैच में ही उन्होंने राजस्थान के खिलाफ रणजी ट्रॉफी में शतक लगाकर सबको प्रभावित किया था।
क्रिकइन्फो के अनुसार, अर्जुन ने 24 फर्स्ट-क्लास मैचों में 38.03 की औसत से 52 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 5/25 है।
चुनौती
घरेलू सत्र पर अर्जुन का फोकस
अर्जुन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले वे मुंबई इंडियंस (MI) के लिए खेलते थे।
अब वह गोवा के साथ आगामी घरेलू सत्र पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
इस बीच, गोवा की सीनियर पुरुष टीम हाल ही में 10 दिवसीय प्री-सीजन दौरे से ओमान से लौटी है। टीम ने वनडे सीरीज के 3 में से 2 मैच जीते, जबकि इससे पहले उसे टी-20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था।