एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स ने जमैका किंग्समेन को हराकर पहली बार जीता CPL का खिताब
क्या है खबर?
कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2026 के फाइनल मुकाबले में एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स ने जमैका किंग्समेन को 8 विकेट से हरा दिया। यह पहला मौका है जब एंटीगुआ ने CPL की ट्रॉफी अपने नाम की है। पहले बल्लेबाजी करते हुए जमैका ने 170/9 का स्कोर बनाया था। जवाब में एंटीगुआ ने 16.4 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डाल लेते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
एंटीगुआ के कप्तान मोईन अली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
जमैका के लिए माज सदाकत (114 रन) को छोड़कर अन्य कोई भी बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया।
सुफियान मोकीम ने एंटीगुआ के लिए घातक गेंदबाजी की और 4 विकेट चटकाए। जवाब में एंटीगुआ के लिए अमीर जांगू (57) और हसन नवाज (47) ने शानदार पारियां खेलीं और टीम को आसान जीत मिल गई।
जमैका का कोई भी गेंदबाज अपनी छाप नहीं छोड़ पाया।
शतक
सदाकत का शतक भी नहीं आया काम
सदाकत ने 58 गेंदों का सामना किया और 114 रन बनाकर आउट हुए। इस सलामी बल्लेबाज के बल्ले से 8 चौके और 9 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 196.55 की रही।
CPL में इस खिलाड़ी के बल्ले से निकला यह दूसरा शतक रहा। एलिमिनेटर मुकाबले में इस खिलाड़ी ने 112 रन की पारी खेली थी।
उन्होंने CPL में 7 मुकाबले खेले हैं और इसकी 7 पारियों में 51.85 की औसत और 174.51 की स्ट्राइक रेट से 363 रन बनाए हैं।
गेंदबाजी
मोकीम ने दूसरी बार लिया CPL में 4 विकेट हॉल
मोकीम ने 4 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी 3.50 की रही। CPL में इस खिलाड़ी ने दूसरी बार 4 विकेट हॉल लिया।
अब तक उन्होंने इस टूर्नामेंट में 6 मुकाबले खेले हैं और इसकी 5 पारियों में 9 की उम्दा औसत के साथ 12 विकेट लिए हैं। उनकी इकॉनमी रेट केवल 6 की रही है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/13 का है।
उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
प्रदर्शन
CPL में इन खिलाड़ियों का रहा शानदार प्रदर्शन
बारबाडोस ट्राइडेंट्स के क्विंटन डिकॉक ने CPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाए। उनके बल्ले से 11 मैच की 11 पारियों में 43.55 की औसत और 143.06 की स्ट्राइक रेट से 392 रन निकले।
उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 106 रन रहा।
इमरान ताहिर, हुनैन शाह और अल्जारी जोसेफ ने CPL 2026 में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट अपने नाम किए।
तीनों खिलाड़ियों ने 16-16 विकेट लिए।