जेंडर परिवर्तन के बाद अनाया बांगर को मिली क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की अनुमति, दिया यह बयान
क्या है खबर?
भारत के पूर्व ऑलराउंडर संजय बांगर की बेटी अनाया बांगर को जेंडर परिवर्तन कराने के बाद एक बड़ी राहत मिली है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने उन्हें ऑस्ट्रेलिया में स्थानीय महिला कम्युनिटी क्रिकेट में भाग लेने की आधिकारिक अनुमति दे दी है। मुंबई के लिए अंडर-19 क्रिकेट खेल चुकीं अनाया ने कहा, "यह मेरे लिए बहुत बड़ा दिन है।" उन्हें पहले डर था कि शायद फिर कभी क्रिकेट नहीं खेल पाएंगी, लेकिन अब इस नए अवसर को लेकर उत्साहित हैं।
अनुभव
सरफराज और मुशीर के साथ खेल चुकी है अनाया
अनाया जेंडर परिवर्तन से पहले टेस्ट क्रिकेट खेल चुके सरफराज खान और उनके भाई मुशीर खान के साथ मुंबई के लिए आयु वर्ग का क्रिकेट खेल चुकी हैं।
हालांकि, महिला बिग बैश लीग (WBBL) जैसी उच्च स्तरीय क्रिकेट खेलने के लिए, उन्हें CA द्वारा निर्धारित टेस्टोस्टेरोन से संबंधित पात्रता मानदंडों को पूरा करना होगा।
नीति के अनुसार, पात्रता के लिए किसी खिलाड़ी के सीरम टेस्टोस्टेरोन का स्तर 12 महीनों तक 10 nmol/L से कम होना चाहिए।
नीति
ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों पर ICC का रुख
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने पहले ही उन ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों पर उच्च स्तरीय महिला क्रिकेट खेलने से पूरी तरह प्रतिबंध लगा रखा है, जिन्होंने कभी भी पुरुष प्यूबर्टी (किशोरावस्था) का अनुभव कर लिया हो।
अनाया को लिखे एक पत्र में, CA की अखंडता प्रमुख जैकी पार्ट्रिज ने कहा कि मार्च 2027 से उनकी पात्रता इस शर्त पर निर्भर है कि वह एक रक्त परीक्षण प्रदान करें आवश्यक परीक्षण को तय नियमों के अनुसार सफलतापूर्वक पूरा करे।
अपील
अनाया की BCCI से अपील
पिछले साल अनाया ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को पत्र लिखकर खेलने के लिए पात्रता मानदंडों के बारे में स्पष्टीकरण मांगा था।
हालांकि, उन्हें अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है।
जून 2025 में उन्होंने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में BCCI और ICC के प्रतिनिधियों के साथ बैठक का अनुरोध किया गया था ताकि पुरानी धारणाओं के बजाय आंकड़ों के आधार पर ट्रांसजेंडर एथलीटों को क्रिकेट खेलने की अनुमति देने वाली नीति पर चर्चा की जा सके।