अजिंक्य रहाणे ने किया रोहित शर्मा का समर्थन, कहा-विश्व कप में उनका अनुभव बेहद काम आएगा
क्या है खबर?
पिछले महीने भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा के वनडे से संन्यास की लगातार अटकलें लगाई जा रही थी। हालांकि, इन अटकलों को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने खारिज कर दिया था। अब रोहित के पक्ष में अजिंक्य रहाणे ने प्रतिक्रिया दी है। हाल ही में संन्यास लेने वाले रहाणे का मानना है कि रोहित को विश्व कप 2027 में हर हाल में खेलना चाहिए। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा है।
बयान
भारतीय टीम को रोहित की जरूरत है- अजिंक्य रहाणे
रहाणे ने अपने पूर्व कप्तान रोहित का पक्ष लेते हुए इंडियन एक्सप्रेस से कहा, "रोहित शर्मा 2027 का वनडे विश्व कप खेलने वाले हैं। पिछले कई सालों में उनके योगदान को देखिए। यह बेहद शानदार रहा है। आपको ऐसे खिलाड़ी का अनुभव विश्व कप में बहुत जरूरी है। इस पर कोई चर्चा नहीं होनी चाहिए। आप उनका आकलन सीरीज के प्रदर्शन से नहीं कर सकते क्योंकि वह बहुत बड़े खिलाड़ी हैं।
बयान
रोहित की काबिलियत पर बात करने की कोई जरूरत नहीं- रहाणे
रहाणे ने कहा कि रोहित के प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव हो सकते हैं, लेकिन अहम मैचों में उनका अनुभव काम आ सकता है।।
उन्होंने आगे कहा, "क्रिकेट लय का खेल है, चाहे आप युवा हों या अनुभवी खिलाड़ी। उनकी काबिलियत पर बात करने की कोई जरूरत नहीं है। इस पर कोई बहस नहीं होनी चाहिए। अगर वह 2027 का विश्व कप खेलना चाहते हैं, तो उन्हें खेलना चाहिए। आप उनके जोश और रवैये पर शक नहीं कर सकते।"
आंकड़े
रोहित ने विश्व कप में 60 की औसत से बनाए हैं रन
रोहित ने 2015 से लेकर 2023 के बीच हुए तीनों विश्व कप में हिस्सा लिया था। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 60.57 की औसत के साथ 28 पारियों में 1,575 रन बनाए थे।
इस बीच उनकी स्ट्राइक रेट 100 से अधिक की रही थी। क्रिकइंफो के मुताबिक, रोहित ने विश्व कप में 7 शतक और 6 अर्धशतक लगाए हैं।
वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं।
शतक
रोहित ने अपने आखिरी वनडे में लगाया था शतक
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले 2 मैचों की असफलता के बाद रिपोर्ट आई थी कि यह रोहित की आखिरी सीरीज होगी।
इससे उनके भविष्य पर सवाल उठने लगे थे।
हालांकि, लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे में रोहित ने 110 गेंदों पर 138 रन की पारी खेलकर आलोचकों को करारा जवाब दे दिया था।
2026 में रोहित ने 9 वनडे पारियों में 42.11 की औसत से 379 रन बनाए हैं।