अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, जानिए उनके शानदार आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। रहाणे ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2023 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। इसके बाद उनकी भारतीय टीम में कभी जगह नहीं बन पाई। इस खिलाड़ी ने अपना आखिरी वनडे मुकाबला साल 2018 में और टी-20 अंतरराष्ट्रीय साल 2016 में खेला था। ऐसे में आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।
करियर
रहाणे के अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर
रहाणे ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2011 में खेला था।
उन्होंने भारत के लिए 195 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले औऱ इसकी 251 पारियों में 17 बार नाबाद रहते हुए 35.95 की औसत से 8,414 रन बनाए। उनके बल्ले से 15 शतक और 51 अर्धशतक निकले। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 188 रन रहा।
वह टेस्ट में भारत के लिए 13वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनके बल्ले से 85 मैचों की 144 पारियों में 38.46 की औसत से 5,077 रन निकले।
ट्विटर पोस्ट
संन्यास की घोषणा करते समय रोने लगे रहाणे, देखें वीडियो
India batter Ajinkya Rahane has announced his retirement from international cricket and all formats.
— IANS (@ians_india) July 30, 2026
He posted on Instagram, "Cap 278 signing off. Thank you for all the love and support over the years. Forever grateful"
(Video: Ajinkya Rahane/Instagram) pic.twitter.com/DRRSDzaHe2
वनडे
वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसा रहा रहाणे का प्रदर्शन
रहाणे ने भारत के लिए 20 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और उनकी 20 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 20.83 की औसत से 375 रन बनाए।
इस दौरान उनके बल्ले से एक अर्धशतक निकला, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 61 रन रहा।
वहीं, वनडे क्रिकेट में उन्होंने 90 मैचों की 87 पारियों में 35.26 की औसत से 2,962 रन बनाए। इस प्रारूप में उनके नाम 3 शतक और 24 अर्धशतक दर्ज हैं।
वनडे में उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 111 रन रहा।
बयान
जानिए रहाणे ने क्या कहा?
रहाणे ने कहा, "उन शुरुआती दिनों से जब मैं एक छोटे लड़के के रूप में सिर्फ अभ्यास करने के लिए डोंबिवली से सफर करता था। मैंने इस खेल को अपना सब कुछ दिया। मेरा सपना हमेशा भारत के लिए खेलना था। मैंने हमेशा एक ही नियम अपनाया कि अपने देश और टीम को खुद से ऊपर रखूं। मैंने इस खेल को पूरी ईमानदारी के साथ खेला है अगर आपकी नीयत सही हो तो यह खेल हमेशा आपका ख्याल रखता है।"
पूर्व
अगली पीढ़ी की मदद करने के लिए तैयार हैं रहाणे
रहाणे ने आगे कहा, "मैं अगली पीढ़ी की मदद करने के लिए और खेल को कुछ लौटाने के लिए उत्सुक हूं, जिसने मुझे सब कुछ दिया है। मुंबई में एक युवा खिलाड़ी के रूप में शुरुआत करने से लेकर भारत के लिए खेलने तक का सफर मेरे लिए बेहद सम्मान की बात रही है। क्रिकेट खेलने का आनंद, अलग-अलग टीमों का हिस्सा बनने का अनुभव और जीवनभर की यादें बनाना यही मेरे करियर का सबसे बड़ा संतोष रहा है।"
धन्यवाद
रहाणे ने सबका धन्यवाद दिया
रहाणे ने कहा, " मैं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) मेरे साथियों, मेरे कोचों, हर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फ्रेंचाइजी, राधिका, मेरे पूरे परिवार, मेरे दोस्तों और उन सभी लोगों का जिन्होंने हर कदम पर मेरा साथ दिया है। मैं दिल से उन्हें धन्यवाद करता हूं।"
रहाणे अब IPL में भी नहीं खेलेंगे। टेस्ट क्रिकेट में इस खिलाड़ी ने कप्तान के रूप में 6 मुकाबले खेले और टीम को 4 में जीत मिली थी।