विराट कोहली की फील्डिंग ऊर्जा के मुरीद हुए अजय जडेजा, आलोचकों को दिया करारा जवाब
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 5वें वनडे में फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। चौथे वनडे में शून्य पर आउट होने के बाद कोहली रविवार को माउंट माउंगानुई में महज 5 रन बना सके, जबकि रोहित 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा ने दोनों खिलाड़ियों का पुरजोर बचाव किया है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या बयान दिया है।
बयान
जडेजा ने क्या दिया बयान?
जडेजा ने सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर कहा, "प्रशंसक विराट कोहली को देखने आए थे। अगर वे आउट होने के बाद बस एक कोने में चुपचाप खड़े रहते, तो शायद दर्शक निराश होकर घर लौटते, लेकिन लोग जिस विराट कोहली को देखने आए थे, जो पूरे दिन मैदान पर ऊर्जा बनाए रखता है। उन्हें ठीक वही देखने को मिला। यहां तक कि जब एक कैच छूटा और आपने उनमें वह चिर-परिचित आग और गुस्सा देखा, वही असली विराट कोहली हैं।"
स्पष्टता
कोहली और रोहित की विरासत पर जडेजा की दो टूक
दोनों दिग्गजों के आलोचकों से जडेजा ने कहा, "विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ियों का आकलन केवल एक दिन या एक सीरीज के आधार पर नहीं किया जा सकता। वे पिछले 12-14 वर्षों से हर दौरे पर शीर्ष प्रदर्शन करते आ रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "इस दौरे पर उनके खेल में एक अलग तरह की राहत देखने को मिली। उन्होंने खुलकर खेला और वे अपने करियर के उस पड़ाव पर हैं जहां वे मनोरंजन करने के लिए हैं।"
बचाव
जडेजा ने किया दोनों खिलाड़ियों को बचाव
जडेजा ने आगे कहा, "अगर उन्होंने किसी मैच में रन नहीं बनाए, तो यह ठीक है। जल्दी आउट होना खेल का हिस्सा है और ऐसा पहले भी हुआ है। हालांकि, खिलाड़ी हमेशा किसी दौरे का अंत शानदार तरीके से करने की उम्मीद करते हैं, लेकिन उन्हें न्यूजीलैंड के एक आखिरी दिन से परिभाषित नहीं किया जा सकता।"
उन्होंने कहा, "वे आज जो कुछ भी हैं, वह इन सभी वर्षों में हासिल की गई निरंतर उपलब्धियों की वजह से हैं।"
प्रदर्शन
वनडे सीरीज में कैसा रहा कोहली और रोहित का प्रदर्शन?
न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल में संपन्न हुई 5 मैचों की वनडे सीरीज में कोहली और रोहित दोनों का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा।
दोनों खिलाड़ियों को सीरीज के सभी 5 मैचों के लिए चुना गया था, लेकिन तीसरा वनडे बारिश के कारण रद्द होने के चलते दोनों ने 4-4 पारियां खेलीं।
रोहित जहां 4 पारियों में 7.50 की औसत से केवल 30 रन बनाने में सफल रहे, वहीं कोहली ने 21.50 की औसत से एक अर्धशतक के साथ 76 रन बनाए।