भारत ने अफगानिस्तान को दूसरे टी-20 में भी हराया, सीरीज में 2-0 से बनाई अजेय बढ़त
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने दूसरे टी-20 में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को 7 विकेट से हराते हुए 2-0 से अजेय बढ़त हासिल की। अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159/8 का स्कोर बनाया। जवाब में भारत ने संजू सैमसन (57) और अभिषेक शर्मा (39) की पारियों की मदद से लक्ष्य हासिल किया। अब सीरीज का आखिरी मैच 17 सितंबर को खेला जाना है। आइए दूसरे टी-20 में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
भारत ने आसानी से जीता मैच
अफगानिस्तान से रहमानुल्लाह गुरबाज (0), सेदिकुल्लाह अटल (12) और गुलबदीन नैब (10) के जल्दी आउट होने बीच इब्राहिम जादरान ने 37 रन बनाए।
मुश्किल घड़ी में दरविश रसूली (26) और राशिद खान (28) ने उपयोगी योगदान देते हुए टीम का स्कोर 150 के पार पहुंचाया।
जवाब में भारत से सैमसन और अभिषेक ने जोरदार शुरुआत दिलाई। इसके बाद ईशान किशन (38*) ने भारत को आसानी से जीत दिलाई। भारत ने 15वें ओवर में लक्ष्य हासिल किया।
बुमराह
सर्वाधिक मेडन ओवर करने वाले गेंदबाज बने बुमराह
बुमराह ने दूसरे टी-20 में अपने 4 ओवर में 25 रन देते हुए एक विकेट लिया, जिसमे एक ओवर मेडन भी किया। उन्होंने मोहम्मद नबी को अपना शिकार बनाया।
क्रिकइंफो के मुताबिक, बुमराह ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक 13 ओवर मेडन किए हैं।
उन्होंने जिम्बाब्वे के रिचर्ड नगारवा का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 12 ओवर मेडन किए हैं। भारत के भुवनेश्वर कुमार इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 9 ओवर मेडन किए हैं।
सैमसन
सैमसन ने खेली ताबड़तोड़ पारी
सैमसन ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
उन्होंने मोहम्मद नबी के एक ओवर में 2 छक्के और 2 चौके लगाए।
इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
वह 22 गेंदों में 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अभिषेक के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी की।
रेड्डी
नितीश रेड्डी ने किया अपना सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन
भारतीय टीम के ऑलराउंडर नितीश रेड्डी ने गेंदबाजी में 3 ओवर में 24 रन देते हुए 3 सफलताएं हासिल की। यह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है।
उनके नाम अब 6 मैचों की 5 पारियों में 20.83 की औसत के साथ 6 विकेट हैं। उनकी इकॉनमी रेट लगभग 9 (8.92) की रही है।
रेड्डी के अलावा अर्शदीप सिंह ने 35 रन देते हुए 2 सफलताएं हासिल की।
नबी
नबी ने हासिल किया ये मुकाम
नबी ने 14 गेंदों का सामना करते हुए 2 चौकों और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाए। इस बीच उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 2,500 रन पूरे किए।
वह अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2,500 रन के साथ-साथ 100 विकेट लेने वाले कुल चौथे ऑलराउंडर बने।
क्रिकबज के मुताबिक, उनसे पहले ये मुकाम शाकिब अल हसन (2551, 149), सिकंदर रजा (3244, 114) और वीरनदीप सिंह (3402, 126) हासिल कर चुके हैं।