Loading...
भारत ने पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अफगानिस्तान को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स 
भारत ने जीता पहला मुकाबला (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारत ने पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अफगानिस्तान को हराया, ये बने रिकॉर्ड्स 

Sep 13, 2026
10:29 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को 7 विकेट से हराते हुए सीरीज में बढ़त हासिल की। अरुण जेटली स्टेडियम में पहले खेलते हुए अफगान टीम ने 156/8 का स्कोर बनाया, जिसमें अजमतुल्लाह उमरजई का अर्धशतक (64*) शामिल रहा। जवाब में भारत ने अभिषेक शर्मा (82) और ईशान किशन (42) की पारियों की मदद से लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती भारतीय टीम 

अफगानिस्तान से रहमानुल्लाह गुरबाज (0), इब्राहिम जादरान (11), सेदिकुल्लाह अटल (13) और गुलबदीन नैब (2) जल्दी आउट हुए।

शीर्षक्रम के लड़खड़ाने के बाद मोहम्मद नबी (33) और उमरजई ने 83 रन की साझेदारी करते हुए टीम का स्कोर 150 के पार पहुंचाया। भारत से अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट लिए।

जवाब में भारत से संजू सैमसन (10) के जल्दी आउट होने के बाद किशन (42) और अभिषेक ने जीत में योगदान दिया। भारत ने 14वें ओवर में मैच समाप्त किया।

बुमराह 

बुमराह ने पूरे किए अपने 350 टी-20 विकेट 

बुमराह ने अपने 4 ओवर में 26 रन देते हुए एक विकेट लिया और 350 टी-20 विकेट वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बने।

उनसे पहले युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वर कुमार ऐसा कर चुके थे।

बता दें कि चहल ने 343 टी-20 मैचों में 23.86 की औसत और 7.79 की इकॉनमी रेट के साथ 396 विकेट लिए हैं।

वहीं, भुवनेश्वर ने 332 मैचों में 24.42 की औसत और 7.38 की इकॉनमी रेट के साथ 363 सफलताएं अपने नाम की हैं।

ADVERTISEMENT

अर्धशतक 

उमरजई ने लगाया अपना दूसरा टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक  

अफगानिस्तानी टीम ने जब 41 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट खोया तब उमरजई क्रीज पर आए।

उन्होंने लगातार गिर रहे विकेटों के बीच पारी को संभालने का प्रयास किया और मोहम्मद नबी के साथ मिलकर 83 रन की साझेदारी की।

शुरुआत में धीमी बल्लेबाजी करने वाले उमरजई ने 39 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

वह 44 गेंदों में 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 64 रन बनाकर नाबाद रहे।

ADVERTISEMENT

अभिषेक 

अभिषेक ने खेली उम्दा पारी 

अभिषेक ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली।

बल्लेबाजी के लिए अच्छी नजर आ रही पिच पर अभिषेक ने 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

उन्होंने नूर अहमद के एक ओवर में लगातार 2 छक्के भी लगाए।

उन्होंने किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी (121) की। वह 32 गेंदों में 82 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 7 चौके और 7 छक्के लगाए।

आंकड़े 

अभिषेक ने दूसरे सबसे तेज 6,000 टी-20 रन पूरे किए

अभिषेक ने गेंदों के लिहाज से दूसरे सबसे तेज 6,000 टी-20 रन पूरे किए। उन्होंने इस आंकड़े को छूने के लिए 3,420 गेंदों का सहारा लिया।

क्रिकबज के मुताबिक, न्यूजीलैंड के फिन एलन ने 3,386 गेंदों में अपने 6,000 टी-20 रन पूरे किए थे।

इस सूची में तीसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल हैं, जिन्होंने 3,550 गेंदों में ये आंकड़ा छूआ था।

ऑस्ट्रेलिया के टिम डेविड ने 3,681 गेंदों में अपने 6,000 टी-20 रन पूरे किए थे।

जानकारी

अर्शदीप ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया 

भारत की ओर से अर्शदीप ने अपने 4 ओवर में 19 रन देते हुए 3 विकेट लिए। यह उनका अफगानिस्तान के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन हो गया।

ADVERTISEMENT