जसप्रीत बुमराह 350 टी-20 विकेट पूरे करने वाले तीसरे भारतीय बने, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान अहम मुकाम हासिल किया। दरअसल, बुमराह ने अपने टी-20 क्रिकेट करियर में 350 विकेट पूरे किए। अफगान टीम के सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज उनके 350वें शिकार बने। चोट के बाद वापसी कर रहे बुमराह ने गुरबाज को पारी के पहले ही ओवर में पवेलियन की राह दिखाई। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
सूची
इस सूची में शामिल हुए बुमराह
बुमराह अब 350 टी-20 विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बने। उनसे पहले भारतीय गेंदबाजों में युजवेंद्र चहल और भुवनेश्वर कुमार ऐसा कर चुके थे।
बता दें कि चहल ने 343 टी-20 मैचों में 23.86 की औसत और 7.79 की इकॉनमी रेट के साथ 396 विकेट लिए हैं।
वहीं, भुवनेश्वर ने 332 मैचों में 24.42 की औसत और 7.38 की इकॉनमी रेट के साथ 363 सफलताएं अपने नाम की हैं।
आंकड़े
शानदार रहा है बुमराह का टी-20 करियर
बुमराह ने अपने 284वें मैच की 281 पारियों में 350 विकेट पूरे किए।
उन्होंने 22 से कम के औसत के साथ यह मुकाम हासिल किया।
इस भारतीय तेज गेंदबाज ने 96 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 19 से कम की औसत से 120+ विकेट लिए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 7 से कम रही है।
वह भारत की ओर से 2 बार टी-20 विश्व कप का खिताब जीत चुके हैं।
IPL
बेमिसाल है बुमराह का IPL करियर
बुमराह ने MI के लिए 158 मैच खेले हैं और 23.74 की औसत से 187 विकेट लेने में सफल रहे हैं।
उन्होंने 3 बार अपने IPL करियर में 4 विकेट हॉल और 2 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 7.33 की रही है।
इस खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 5/10 का रहा है।
बुमराह IPL में MI के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।