अफगानिस्तान के मारूफखिल ने टेस्ट डेब्यू में ऑलराउंड प्रदर्शन कर रचा इतिहास, जानिए क्या किया
क्या है खबर?
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने शारजाह में दूसरे टेस्ट में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम को 57 रन से हराकर 2 मैचों की सीरीज 1-0 से जीत ली। हार के बावजूद सिर्फ 20 साल के नसीर खान मारूफखिल ने अफगानिस्तान के लिए अपने टेस्ट डेब्यू पर बहुत ही शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। उन्होंने चौथी इनिंग में शतक लगाया और मैच में 7 विकेट भी अपने नाम किए। यहां हम उनके डेब्यू पर बनाए गए रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
शतक
5वें दिन मारूफखिल का रिकॉर्ड शतक
अफगानिस्तान ने 5वें दिन 418 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 143/5 से शुरुआत की।
8वें नंबर पर बल्लेबाजी पर आए मारूफखिल ने 242 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से नाबाद 101 रन बनाए।
क्रिकइंफो के अनुसार, किसी अन्य खिलाड़ी ने डेब्यू पर चौथी पारी में नंबर 8 पर 80 रन भी नहीं बनाए हैं।
मारूफखिल अब रहमानुल्लाह गुरबाज और इस्मत आलम के बाद डेब्यू पर शतक जड़ने वाले तीसरे अफगानी खिलाड़ी बने हैं।
जानकारी
चौथी पारी में शतक जड़ने वाले केवल दूसरे बल्लेबाज
इस शतक के साथ मारूफखिल टेस्ट की चौथी पारी में शतक जड़ने वाले अफगानिस्तान के दूसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले इस साल की शुरुआत में अबू धाबी में बांग्लादेश के खिलाफ सेदिकुल्लाह अटल (111) ने यह कमाल किया था।
रिकॉर्ड
डेब्यू में शतक और 7 विकेट लेने वाले एकमात्र खिलाड़ी
जिम्बाब्वे की पहली पारी में मारूफखिल ने 44 ओवर में 7/151 के आंकड़े दर्ज किए, जो टेस्ट डेब्यू पर किसी अफगानिस्तानी गेंदबाज का दूसरा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है।
इसके साथ ही वह पुरुषों के टेस्ट इतिहास में एक ही मैच में 7 विकेट लेने और शतक बनाने वाले एकमात्र क्रिकेटर भी बने हैं।
ऑस्ट्रेलिया के जैक ग्रेगरी, इंग्लैंड के इयान बॉथम (दो बार) और भारत के रविचंद्रन अश्विन ही टेस्ट में शतक और 7 विकेट लेने वाले अन्य ऑलराउंडर हैं।
अन्य
मारूफखिल ने हासिल की ये अन्य उपलब्धियां
मारूफखिल 20 साल 287 दिन की उम्र में टेस्ट में शतक बनाने और 5 विकेट हॉल लेने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने हैं।
इस युवा खिलाड़ी ने अपना डेब्यू 121 रन और 9 विकेट के साथ किया।
केवल 4 अन्य पुरुषों ने एक टेस्ट में इतने या उससे अधिक रन बनाए हैं और इतने या उससे अधिक विकेट लिए हैं।
मारूफखिल अफगानिस्तान के लिए एक ही टेस्ट में शतक बनाने और 5 विकेट हॉल लेने वाले पहले खिलाड़ी भी हैं।